आगरा की तीन साहित्य विभूतियों का ब्रज डेवलपमेंट फाउंडेशन ने किया सम्मान

Spread the love

आगरा की तीन साहित्य विभूतियों का ब्रज डेवलपमेंट फाउंडेशन ने किया सम्मान

 

आगरा के साहित्यिक योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाने पर हुआ अभिनंदन समारोह

डॉ राजेंद्र मिलन, श्रुति सिन्हा और हरिओम शर्मा का भारत सरकार की संयुक्त हिंदी सलाहकार समिति में नामित होने पर सम्मान

आगरा। ब्रज डेवलपमेंट फाउंडेशन द्वारा आयोजित एक समारोह में आगरा के तीन प्रतिष्ठित साहित्यकारों को भारत सरकार की संयुक्त हिंदी सलाहकार समिति में नामित होने पर भव्य रूप से सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह यूथ हॉस्टल, संजय प्लेस में आयोजित किया गया, जिसमें आगरा के साहित्य, शिक्षा, कला और समाजसेवा से जुड़े प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

समारोह में वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. राजेंद्र मिलन, शिक्षाविद व मंच संचालिका श्रीमती श्रुति सिन्हा तथा लेखक एवं समाजसेवी हरिओम शर्मा को शॉल, प्रतीक चिह्न व प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। तीनों साहित्यकारों को भारत सरकार के मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय की संयुक्त हिंदी सलाहकार समिति में गैर-सरकारी सदस्य के रूप में नामित किया गया है, जो आगरा की साहित्यिक गरिमा को राष्ट्रीय मंच पर स्थापित करने वाला क्षण है।

संस्था के संस्थापक मनीष अग्रवाल ने अपने उद्बोधन में कहा कि ब्रज सिर्फ एक भूगोल नहीं, एक जीवंत परंपरा है – जहां साहित्य, संस्कृति और चेतना समाहित है। आज का यह समारोह उस परंपरा के प्रति हमारी आस्था और कृतज्ञता का प्रतीक है।

उपाध्यक्ष राहुल जैन ने अपने वक्तव्य में कहा कि आगरा की पहचान मुगलों से नहीं, ब्रज की सांस्कृतिक चेतना और श्रीकृष्ण की लीलाओं से है। इस भूमि की आत्मा साहित्य में बसती है और उसे सम्मान देना, ब्रज की आत्मा को प्रणाम करने जैसा है।

कार्यक्रम के संरक्षक डॉ. मुनीश्वर गुप्ता ने सभी अतिथियों, विद्वानों और साहित्य अनुरागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

संस्था के उपाध्यक्ष सीएस अनुज अशोक और विमल गोयल ने सभी आमंत्रित अतिथियों और साहित्यिक समाज का हार्दिक अभिनंदन एवं स्वागत किया। कार्यक्रम के दूसरे सत्र में हिंदी साहित्य की वर्तमान दिशा, युवा लेखकों की भूमिका और ब्रज की सांस्कृतिक भाषा की संरक्षण-प्रवृत्तियों पर भी चर्चा हुई।

कार्यक्रम में वत्सला प्रभाकर, अशोक अश्रु, डॉ. आभा चतुर्वेदी, रचना कपूर, शरद गुप्ता, हरीश कुमार सिंह भदौरिया, प्रो. युवराज सिंह, प्रो. महावीर सिंह, अदिति कात्यायन, मीना कुमारी, मोहित सक्सेना, कमलेश चंद जैन, अजय रंगीला, रितु गोयल, शीला बहल, अंजलि स्वरूप, रीता शर्मा आदि की उपस्थिति ने समारोह को और अधिक गरिमा प्रदान की।