डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल का खेल दिवस विद्यार्थियों के लिए बना प्रेरणा स्रोत

आगरा।डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में राष्ट्रीय खेल दिवस अत्यंत उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर हुई। विद्यार्थियों ने मेजर ध्यानचंद के जीवन चरित्र को नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित सभी जनों को प्रेरित किया। मशाल रैली, गीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी मनोरम बना दिया। इस अवसर पर उपस्थित सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को सदैव भारत देश के प्रति समर्पित रहने की शपथ भी दिलाई गई। वरिष्ठ विद्यार्थियों के लिए खेल से परे: मानव सामर्थ्य का विकास विषय पर शारीरिक शिक्षा शिक्षिका, नेशनल मेडलिस्ट सौम्या मिश्रा द्वारा एक सेमिनार का भी आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए के सिंह ने अपने प्रेरणादायी विचारों से विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है बल्कि खेल और शिक्षा का संतुलन ही हमें वास्तविक ऊँचाई तक पहुँचाता है। पढ़ाई से हमें ज्ञान मिलता है और खेल हमें अनुशासन, धैर्य तथा टीम भावना का पाठ पढ़ाते हैं। यही गुण मिलकर हमें महान बनाते हैं।
आज के विद्यार्थी कल के राष्ट्र निर्माता हैं। यदि वे मन लगाकर पढ़ाई करेंगे, खेलों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देंगे और अपने चरित्र को मजबूत बनाएंगे, तो निश्चित ही भविष्य में वे देश के वैज्ञानिक, डॉक्टर, इंजीनियर, सैन्य अधिकारी, प्रशासक, उद्यमी और समाज को सही दिशा देने वाले महान व्यक्तित्व बन सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि बड़ी नौकरियाँ और व्यवसाय केवल डिग्री से नहीं बल्कि कठिन परिश्रम, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण से प्राप्त होते हैं।
भारत देश का भविष्य आज की युवा पीढ़ी पर निर्भर है। यदि विद्यार्थी अपने जीवन में खेलों से अनुशासन और अध्ययन से ज्ञान को अपनाएँ तो वे न केवल अपने परिवार का बल्कि सम्पूर्ण राष्ट्र का गौरव बढ़ा सकते हैं। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि जीवन का लक्ष्य केवल स्वयं की उन्नति न होकर समाज और देश की सेवा भी होना चाहिए।
विद्यालय की प्रधानाचार्या राखी जैन ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे नियमित रूप से खेलों में भाग लें और टीम भावना को अपनी आदत बनाएं। मेजर ध्यानचंद जैसे महान खिलाड़ियों का जीवन हम सबके लिए आदर्श है, जिनके पदचिह्नों पर चलकर हम राष्ट्र को गौरवान्वित कर सकते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के डीन एडमिनिस्ट्रेशन चंद्रशेखर डैंग, योगी चाहर, डॉ नितिन जैन, सौम्या मिश्रा, डॉ मुकेश राय, अक्षत सिंह, अंकित कुमार, आशीष सारस्वत, रश्मि सहित सभी शिक्षक मौजूद रहे। मंच का संचालन अर्पित शर्मा, तनीषा इसरानी और शिवांशी सोलंकी ने किया।


