उद्यमियों के संग रंगोत्सव: “ब्रज की होली” में भक्ति, समरसता और उद्योग उत्साह का संगम

Spread the love

उद्यमियों के संग रंगोत्सव: “ब्रज की होली” में भक्ति, समरसता और उद्योग उत्साह का संगम

आगरा। लघु उद्योग भारती द्वारा आयोजित “ब्रज की होली” होली मिलन समारोह रंग, भक्ति और सामाजिक समरसता के अद्भुत वातावरण में संपन्न हुआ। विजयनगर कॉलोनी स्थित स्पोर्ट्स बज में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में राजनीतिक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के प्रबुद्धजनों, विभिन्न उद्योग–व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं शहर के उद्यमियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथि के रूप में उपस्थित केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो एस पी सिंह बघेल, राकेश गर्ग, अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अपने उद्बोधन में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो एस पी सिंह बघेल ने होली के पावन पर्व पर हर्ष व्यक्त करते हुए सभी उद्यमियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ कीं। उन्होंने कहा कि लघु उद्योग भारती संगठन द्वारा निरंतर किए जा रहे प्रयासों से आगरा के औद्योगिक क्षेत्रों में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में सार्थक पहल हो रही है। संगठन की सक्रियता, समन्वय और उद्योग हित में किए जा रहे कार्य प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं।

 

जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि “ब्रज की होली” केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि आत्मीयता, विश्वास और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने लघु एवं सूक्ष्म उद्यमियों को राष्ट्र की आर्थिक शक्ति का आधार बताते हुए कहा कि भारत का उज्ज्वल भविष्य उद्योगों की ऊर्जा, नवाचार और संगठनात्मक एकता पर आधारित है। उन्होंने सभी उद्यमियों से सकारात्मक सोच, पारस्परिक सहयोग और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम के संयोजक सीए नितेश गुप्ता एवं महासचिव राजीव बंसल ने कहा कि ऐसे आयोजन उद्यमियों के मध्य संवाद, समन्वय और सहयोग की भावना को सुदृढ़ करते हैं। कार्यक्रम प्रभारी सीए आलोक अग्रवाल, सह-प्रभारी अरविंद शुक्ला एवं कोषाध्यक्ष संजीव जैन सहित आयोजन समिति के सदस्यों ने आयोजन को सफल स्वरूप प्रदान किया।आयोजन समिति के सदस्य दिनेश गुप्ता, शैलेश अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल, शिविर जैन, नवदीप अग्रवाल एवं सौरभ गुप्ता ने व्यवस्था संभाली।

ब्रज के रसिया भजनों, अबीर-गुलाल एवं फूलों की होली के मध्य उपस्थित मनीष अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, दुशयंत गर्ग आदि उद्यमियों ने उत्साह, सौहार्द और समरसता के साथ पर्व का आनंद लिया। पूरा वातावरण रंगोत्सव की आनंदमयी ऊर्जा से सराबोर रहा।