28 फरवरी को विशाल रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल ने किया आमंत्रण पत्र का विमोचन

Spread the love

 

होली पर सेवा का महायज्ञ : 28 फरवरी को विशाल रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर

श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल ने किया आमंत्रण पत्र का विमोचन

आगरा। श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल द्वारा आगामी 28 फरवरी को वाटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में आयोजित किए जा रहे विशाल रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के आमंत्रण पत्र का विमोचन सोमवार को बल्केश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया।

समारोह का शुभारंभ मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष राम मोहन कपूर, सतीश कपूर एवं अपिल कपूर द्वारा दीप प्रज्वलन एवं मां महालक्ष्मी की आरती के साथ हुआ। इस अवसर पर वातावरण भक्तिमय हो उठा और उपस्थित श्रद्धालुओं ने सेवा कार्य की सफलता के लिए मंगलकामनाएं कीं।

मंडल के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी होली के पावन अवसर पर समाजहित में विशाल रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “रक्तदान महादान” की भावना के साथ यह शिविर सुबह 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक संचालित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक सहभागिता करेंगे।

महामंत्री मनोज जैन ने बताया कि शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क परामर्श एवं परीक्षण की व्यवस्था की गई है। इसमें ईएनटी, नेत्र रोग, न्यूरो सर्जन, अस्थि रोग विशेषज्ञ, यूरोलॉजिस्ट, त्वचा रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन, स्त्री रोग विशेषज्ञ, दंत रोग विशेषज्ञ एवं फिजियोथैरेपिस्ट अपनी सेवाएं देंगे। विशेष रूप से मेदांता, गुरुग्राम की टीम द्वारा हृदय रोग संबंधी जांच भी की जाएगी।

कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु मंडल के पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हैं। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष अशोक सिंघल, दिलीप भंडारी, राकेश अग्रवाल,अजय अग्रवाल, वीरेंद्र अग्रवाल, अखिलेश गुप्ता, अनिल अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, अमित अग्रवाल, हेमंत मोहता ,पंडित अशोक पांडे आदि उपस्थित रहे।

मंडल ने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन को बचाने तथा स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाने की अपील की है।

 

फोटो कैप्शन बल्केश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर परिसर में विशाल रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के आमंत्रण पत्र का विमोचन करते श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, महामंत्री मनोज जैन, कोषाध्यक्ष अशोक सिंघल। साथ हैं दिलीप भंडारी, राकेश अग्रवाल,अजय अग्रवाल, वीरेंद्र अग्रवाल, अखिलेश गुप्ता, अनिल अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, अमित अग्रवाल, हेमंत मोहता ,पंडित अशोक पांडे।