रंगों की बौछार में घुला अपनापन, सेवा संकल्प के साथ सजा होली मिलन समारोह

Spread the love

रंगों की बौछार में घुला अपनापन, सेवा संकल्प के साथ सजा होली मिलन समारोह

आगरा। उल्लास, उमंग और आत्मीयता के रंगों से सराबोर वातावरण में अखिल भारतीय जैन श्वेतांबर सोशल ग्रुप आगरा ताज द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। अतिथि वन, राधा हॉल, वाटर वर्क चौराहा पर आयोजित इस समारोह में समाजजनों ने फूलों और गुलाल की होली खेलकर प्रेम, एकता और सेवा भावना का सशक्त संदेश दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुनील कुमार जैन (डीआईजी, चंबल, मुरैना) रहे तथा समारोह की अध्यक्षता श्री एसएस जैन ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार जैन ने की। अतिथियों का स्वागत चंदन का तिलक लगाकर किया गया।

समारोह में फूलों की होली एवं गुलाल की होली मुख्य आकर्षण रही। रंग-बिरंगे पुष्पों और अबीर-गुलाल के बीच सभी सदस्यों ने आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया।

26 नए सदस्य संस्था से जोड़ने के लिए वर्चुअल रूप से अखिल भारतीय अध्यक्ष जिनेश्वर जैन ने बधाई दी और फागोत्सव के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की। अध्यक्ष अमर लाल जैन ने कहा कि होली का पर्व समाज को एकजुट करने, रिश्तों में मधुरता लाने और सेवा के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने आगामी सेवा कार्यों में सभी सदस्यों से सक्रिय सहभागिता की अपील की। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने समाजहित में निरंतर सेवा कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।

इस अवसर पर संस्थापक अध्यक्ष निर्मल सकलेचा, संरक्षक अजय लालवानी, सचिव अतिन छाजेड़, कोषाध्यक्ष वीरेंद्र जैन, रुचिका जैन, विनीता जैन, पिंकी लालवानी, बबिता जैन, मोनिका छाजेड़, सुनीता जैन, खुशबू जैन, पुनीत जैन, कपिल जैन, राशि जैन, रमा जैन, अनुज जैन, कृतिका जैन, गौतम धारीवाल, मीना जैन, सुनील जैन, नीरज जैन, सुमन जैन, अमित जैन, सुमित्रा जैन, राजीव चकलावत, आदेश जैन, रजत जैन, पीयूष जैन, सोनल जैन आदि उपस्थित रहे।