तुर्की को हमने सहायता भेजी, उसने भेज दिए हथियार, अब करते हैं हम पूर्ण बहिष्कार
आगरा व्यापार मंडल ने तुर्की के उत्पादों के बहिष्कार का किया आह्वान
भारत पाकिस्तान युद्ध में तुर्की ने दिया था आतंकवाद को पनाह देने वाले देश का साथ
तुर्की के सेब सहित खस के दाने, अंजीर का आयात किया बंद, पेठा का निर्यात भी रोका

आगरा। भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान तुर्की द्वारा पाकिस्तान का समर्थन करने और आतंकवाद को परोक्ष समर्थन देने पर प्रतिक्रिया स्वरूप आगरा के व्यापारियों ने एकजुट होकर तुर्की के सभी उत्पादों के पूर्ण बहिष्कार की घोषणा की है।
आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को नूरी दरवाजा स्थित प्राचीन पेठा स्टोर पर व्यापारिक संगठनों की एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि तुर्की से आयातित वस्तुओं – जैसे सेब, खस के दाने, अंजीर, मुनक्का और लाहौरी नमक – का पूर्ण रूप से बहिष्कार किया जाएगा। साथ ही, आगरा से तुर्की को किया जाने वाला पेठा निर्यात भी तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है।
आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने कहा कि भारत एक शांतिप्रिय और मित्रवत राष्ट्र है, जिसने संकट के समय तुर्की की मदद की थी। लेकिन तुर्की का भारत-विरोधी रुख अस्वीकार्य है। अब समय आ गया है कि भारतीय व्यापारी आत्मसम्मान के साथ ‘विदेशी छोड़ो – स्वदेशी अपनाओ’ के मंत्र को अपनाएं।
शहीद भगत सिंह कुटीर पेठा संगठन के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने बताया कि तुर्की की मिठाइयों में अक्सर आगरा के पेठे का प्रयोग होता है, लेकिन अब आगरा ने तुर्की को पेठा भेजना बंद कर दिया है।
ताज पूर्वी गेट व्यापार समिति के अध्यक्ष सचिन बंसल ने कहा कि तुर्की के पर्यटकों के आगमन में गिरावट आई है और आगरा के मार्बल उत्पाद अब वहां निर्यात नहीं किए जा रहे।
न्यू ग्रीन वेजिटेबल एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहम्मद सुलेमान ने बताया कि तुर्की से आयातित सेब और आलूबुखारा अब भारतीय बाजारों से लगभग गायब हैं। उन्होंने कहा कि अब कश्मीरी और हिमाचली सेब तुर्की के सेबों का उत्कृष्ट विकल्प बन गए हैं।
रावतपाड़ा बाजार समिति के अध्यक्ष अंशुल अग्रवाल ने जानकारी दी कि पोस्त का दाना, अंजीर, मुनक्का आदि का आयात अब पूरी तरह बंद कर दिया गया है, जिससे इनके दामों में बदलाव आया है। लाहौरी नमक पाकिस्तान से आता था जो कि अब आयात नहीं किया जा रहा। निश्चित रूप से दाम बढ़ेंगे तो लोग इसका जल्द ही विकल्प अपना लेंगे।
ताज रोड व्यापार समिति के अध्यक्ष दुष्यंत गर्ग ने कहा कि आर्थिक बहिष्कार ही सच्ची जीत है। जब तक हम इन देशों से हर प्रकार का व्यापार नहीं रोकेंगे, तब तक वे एकजुट होकर भारत के विरुद्ध षड्यंत्र करते रहेंगे।”
आगरा व्यापार मंडल ने देशभर के व्यापारियों से अपील की है कि वे तुर्की और पाकिस्तान के उत्पादों का बहिष्कार करें और स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता दें, ताकि भारत को आर्थिक और रणनीतिक रूप से मजबूत किया जा सके।


