डॉ. एम पी एस वर्ल्ड स्कूल की गोल्डन गर्ल एंजल सिंह राष्ट्रीय मंच पर करेंगी उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व

Spread the love

*डॉ. एम पी एस वर्ल्ड स्कूल की गोल्डन गर्ल एंजल सिंह राष्ट्रीय मंच पर करेंगी उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व

आगरा।डॉ. एम पी एस वर्ल्ड स्कूल की कक्षा आठवीं की उभरती हुई ताएक्वांडो खिलाड़ी एंजल सिंह एक बार फिर विद्यालय और प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर उज्ज्वल करने जा रही हैं। उनका चयन आगामी 41वीं आधिकारिक सीनियर एवं 8वीं कैडेट राष्ट्रीय ताएक्वांडो प्रतियोगिता के लिए किया गया है। जिसका आयोजन 21 से 23 नवम्बर 2025 तक स्मार्ट सिटी इंदौर हॉल स्पोर्ट्स स्टेडियम बरेली में होगा।

एंजल ने यह गौरव ग्रेटर नोएडा स्थित शहीद विजय सिंह पथिक खेल परिसर में 12 से 14 अक्टूबर, 2025 तक आयोजित 41वीं आधिकारिक उत्तर प्रदेश राज्य ताएक्वांडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त कर अर्जित किया। यह उल्लेखनीय है कि एंजल अब तक 20 स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं जो उनकी अटूट मेहनत, अनुशासन, तीव्र सीखने की क्षमता और उत्कृष्ट खेल-भावना का प्रमाण है।

विद्यालय के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए के सिंह ने एंजल की उपलब्धि पर असीम प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह हमारे लिए अत्यंत गर्व का क्षण है कि हमारी गोल्डन गर्ल एंजल सिंह उत्तर प्रदेश का नेतृत्व राष्ट्रीय मंच पर करने जा रही हैं। खेल ही जीवन में अनुशासन का आधार है और एंजल ने अपनी प्रतिभा से यह सिद्ध कर दिया है। उनका 20 स्वर्ण पदकों का रिकॉर्ड उनकी अदम्य इच्छाशक्ति और दृढ़ संकल्प इसका सशक्त प्रमाण है। एंजल जैसी प्रतिभाएँ न केवल डॉ. एम पी एस वर्ल्ड स्कूल में बल्कि पूरे प्रदेश के लिए सच्ची प्रेरणास्रोत हैं और हमें गौरवान्वित करती हैं। हम मानते हैं कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग है इसीलिए डॉ. एम पी एस वर्ल्ड स्कूल सदैव अपने खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण, अंतरराष्ट्रीय स्तर के अवसर और प्रत्येक प्रकार का सहयोग प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। हमें पूर्ण विश्वास है कि वह राष्ट्रीय मंच पर भी स्वर्णिम इतिहास रचकर लौटेंगी।

विद्यालय की प्रधानाचार्या राखी जैन ने एंजल को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि एंजल जैसे समर्पित और उत्साही विद्यार्थी विद्यालय की शोभा होते हैं। उनमें राष्ट्रीय ही नहीं अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भी उत्कृष्ट उपलब्धियाँ प्राप्त करने की क्षमता है। विद्यालय सदैव ऐसी प्रतिभाओं का आदर व सम्मान करता है।

विद्यालय के डीन एडमिनिस्ट्रेटर चंद्रशेखर डैंग, प्रशिक्षिका सौम्या मिश्रा, डॉ मुकेश राय, अक्षत सिंह, रश्मि सिंह सहित सभी शिक्षकों ने एंजेल को शुभकामनाएं प्रेषित की।