शहीद दिवस पर डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में गूँजा ‘जय हिंद’, अमर बलिदानियों को दी श्रद्धांजलि

आगरा:राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि और शहीद दिवस के अवसर पर डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में भव्य और गौरवपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर आज देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया, जहाँ विविध गतिविधियों के माध्यम से अमर शहीदों को नमन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना सभा और गांधी जी के प्रिय भजनों के साथ हुई। ठीक सुबह 11:00 बजे संपूर्ण विद्यालय परिवार ने दो मिनट का सामूहिक मौन धारण कर देश के वीर सपूतों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विद्यालय में पोस्टर मेकिंग, निबंध लेखन और देशभक्ति पर आधारित काव्य पाठ प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के जरिए देश के प्रति अपने प्रेम को प्रदर्शित किया।
विद्यालय के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए के सिंह ने विद्यार्थियों को भारतीय सेना के गौरव और गांधी जी के अहिंसा के मार्ग के बीच के अद्भुत तालमेल को समझाया। उन्होंने कहा, शहादत केवल जीवन का अंत नहीं बल्कि एक अमर शुरुआत है। एक छात्र के रूप में आपका अनुशासन और ईमानदारी ही देश के लिए आपकी सबसे बड़ी सेवा है। उन्होंने विद्यार्थियों को ‘नेशन फर्स्ट’ की शपथ दिलाते हुए उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज का युवा अक्सर भटक जाता है, लेकिन याद रखें— राष्ट्र पहले, स्वयं बाद में। यह केवल एक नारा नहीं है, यह जीवन जीने का एक तरीका है। जब मैं आसमान में उड़ान भरता था तो नीचे की धरती मुझे जातियों या धर्मों में बंटी नहीं दिखती थी, मुझे केवल मेरा भारत देश दिखता था। मैं चाहता हूँ कि डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल का हर विद्यार्थी इसी संकुचित सोच से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण के बारे में सोचे। शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि फूल चढ़ाने से नहीं बल्कि उनके मूल्यों को अपने चरित्र में उतारने से मिलेगी। उठो, जागो और संकल्प लो कि आप ऐसा कुछ करेंगे जिससे आने वाली पीढ़ियाँ आप पर गर्व करें।
विद्यालय की प्रधानाचार्या राखी जैन ने भी गांधी जी के सिद्धांतों को वर्तमान समय में सफलता का मूल मंत्र बताया।
इस अवसर पर विद्यालय के डीन एडमिनिस्ट्रेटर चंद्रशेखर डैंग, योगी चाहर, निवेदिता अग्रवाल, पूनम राघव सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। मंच का संचालन काव्या बघेल और पलक चौधरी ने किया।


