
निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के प्रचार को लेकर निकला प्रचार रथ, आज होगा भव्य आयोजन
आगरा।महाराजा अग्रसेन भवन लोहा मंडी में डॉ राम मनोहर लोहिया की स्मृति में लगेगा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, अग्रवाल युवा संगठन कर रहा आयोजन, विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे परामर्श, जांच भी होगी निःशुल्क
आगरा। अग्रवाल युवा संगठन द्वारा आयोजित किए जा रहे निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से रविवार को लोहा मंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन से प्रचार रथ को रवाना किया गया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में शिविर की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाते हुए अध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने कहा कि संगठन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक इस निशुल्क स्वास्थ्य शिविर की जानकारी पहुंचाना है, ताकि जरूरतमंद लोग इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि 23 मार्च को आयोजित होने वाला यह शिविर समाज सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा निशुल्क परामर्श एवं जांच की सुविधा प्रदान की जाएगी।
इस दौरान अध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने शिविर की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपीं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करें, जिससे शिविर सफल एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
महामंत्री अंकित अग्रवाल ने जानकारी दी कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी 23 मार्च को विशाल निशुल्क मेडिकल कैंप महाराजा अग्रसेन भवन, लोहा मंडी में प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक आयोजित होगा। कैंप में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा निशुल्क परामर्श दिया जाएगा। सुबह सात बजे से रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएंगे। क्यूआर कोड के माध्यम से भी रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं।
शिविर में नेत्र, दंत, फिजिशियन, हड्डी, बाल रोग, पेट रोग, चर्म रोग, नाक-कान-गला, फेफड़े एवं हृदय रोग के विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे।
उन्होंने बताया कि मेदांता हॉस्पिटल , गुरुग्राम के डॉ एसके तनेजा एवं डॉ मयंक गर्ग भी शिविर में अपनी सेवाएं देंगे। इसके अलावा शिविर में मोतियाबिंद ऑपरेशन की व्यवस्था, दवा वितरण, शुगर जांच, ईसीजी, ब्लड प्रेशर आदि जांचें भी निशुल्क की जाएंगी।
इस अवसर पर जितेंद्र अग्रवाल, विभु सिंघल, कपिल अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, संदीप अग्रवाल, अंशुल अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, प्रतीक गोयल, विनोद अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, मयंक गर्ग, अरुण अग्रवाल, उमेश अग्रवाल, एड अमन अग्रवाल, शिवम गर्ग, शिवम अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।


