
श्याम नाम की मेहंदी से सजी श्रद्धा, भजनों पर झूमे भक्त, श्याम मनहर संकीर्तन श्रृंखला में भक्ति का रंग
शनिवार शाम श्री खाटू श्याम जी मंदिर, जीवनी मंडी में श्याम बाबा का होगा संकीर्तन, होगी फूलों और इत्र की होली
आगरा। श्याम नगरी मासिक पोशाक सेवा द्वारा आयोजित श्री श्याम मनहर संकीर्तन के अंतर्गत शुक्रवार को जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में “श्याम नाम की मेहंदी” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने हाथों पर श्याम नाम की मेहंदी लगवाई और भक्ति भाव में सराबोर हो गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्याम बाबा के सेवाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद मंदिर परिसर में भक्ति और उल्लास का अद्भुत वातावरण बन गया। “मैं दुल्हन बनूंगी श्याम सुंदर की”, “आओ सखी मेरी मुझे मेहंदी लगा दो” और “राधिका गोरी से मैया करा दे मेरा ब्याह” जैसे भजनों की मधुर प्रस्तुति पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया। भक्ति, संगीत और उल्लास के वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को मेहंदी लगाकर श्याम नाम का स्मरण किया। पूरे मंदिर परिसर में आस्था और भक्ति की लहरें देखने को मिलीं।
संस्था से जुड़े मनोज गोयल, मनीष अग्रवाल और अमित गोयल ने बताया कि 14 मार्च, शनिवार को सायं 7 बजे से मंदिर में श्याम बाबा का अलौकिक श्रृंगार संस्था की ओर से विशेष रूप से कराया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर स्थित एसी हॉल में अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित की जाएगी। साथ ही फूलों की होली, पुष्प वर्षा, इत्र वर्षा और भव्य माधुरी संकीर्तन का आयोजन भी होगा। कार्यक्रम में बरेली के सुप्रसिद्ध भजन गायक मारुति शर्मा अपनी मधुर वाणी से भजनों की प्रस्तुति देंगे, जिससे भक्तजन श्याम भक्ति में सराबोर होंगे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सुनीता मित्तल, अरुण मित्तल, सारिका गोयल, सीमा अग्रवाल, डिंपल गोयल, छाया गुप्ता, मिलन गहलोत, विनीता अग्रवाल, पूनम गोयल, कविता सिंघल, रितु अग्रवाल, संध्या सिंघल आदि श्रद्धालु उपस्थित रहीं।


