फूलों की सुरभित वर्षा में सराबोर हुआ श्याम दरबार
लाल, पीले और श्वेत पुष्पों से सजे बाबा, भक्तों पर हुई प्रेम और आस्था की बौछार

आगरा। हारे के सहारे बाबा श्याम हमारे के गगनभेदी जयघोष और पुष्पों की सुरभि से सुवासित वातावरण, ऐसा दिव्य संगम सोमवार को जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में देखने को मिला, जब श्री श्याम फागुन महोत्सव के अंतर्गत फूलों की भव्य होली का आयोजन किया गया। जैसे ही श्याम बाबा के दरबार में रंग-बिरंगे पुष्पों की वर्षा आरंभ हुई, पूरा परिसर भक्ति, प्रेम और आनंद की अलौकिक आभा से झिलमिला उठा।
इस पावन अवसर पर श्याम बाबा का श्रृंगार लाल, पीले और श्वेत पुष्पों से अत्यंत आकर्षक रूप में किया गया। विविध रंगों के ताजे फूलों से सजा दरबार मानो स्वयं ब्रजधाम की छटा बिखेर रहा था। पुष्पों की मधुर सुगंध और मनोहारी सज्जा ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
भजनों और संकीर्तन की मधुर स्वर लहरियों के मध्य जब भक्तों पर फूलों की बौछार की गई, तो पूरा मंदिर परिसर “हारे के सहारे” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालु झूमते-गाते और लठामार होली संग पुष्प वर्षा का आनंद लेते रहे और ऐसा प्रतीत हुआ मानो स्वयं श्याम बाबा अपने भक्तों पर प्रेम और कृपा की वर्षा कर रहे हों।
अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि नवम दिवस की श्रृंगार, पोशाक एवं फूलों की होली की सेवा श्री श्याम सेवक परिवार समिति द्वारा श्रद्धापूर्वक संपन्न की गई। इत्र सेवा गणेश चतुर्वेदी और ललित वर्मा द्वारा प्रदान की गई, जिससे पूरा मंदिर परिसर दिव्य सुगंध से सुवासित हो उठा।
मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार प्रातः मंदिर में राजस्थान से विशेष रूप से मंगाई गई गुलाल के गोटे से होली खेली जाएगी। आशीष अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विकास गोयल, विपिन बंसल, मुरारी प्रसाद अग्रवाल, कन्हैया लाल अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।


