फूलों की होली में गूंजा ‘हरे कृष्ण’ का महामंत्र — भक्ति, संगीत और आनंद से सराबोर हुआ वेलनेस कॉन्सर्ट
वेलनेस क्लब ने आयोजित किया श्रीकृष्ण नाम जप से आरंभ, पुष्पवर्षा और रॉक भजनों से सजा आध्यात्मिक उत्सव

आगरा। एमजी रोड स्थित चा मस्का में वेलनेस क्लब द्वारा श्रीकृष्ण भक्ति से ओतप्रोत “श्रीकृष्ण धुन” वेलनेस कॉन्सर्ट का दिव्य आयोजन किया गया। जैसे ही कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक श्रीकृष्ण नाम जप से हुआ, वातावरण “हरे कृष्ण, हरे कृष्ण” के महामंत्र से गूंज उठा और पूरा परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा, शांति और आनंद से भर गया।
कार्यक्रम में भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। फूलों की होली के दौरान श्रद्धालुओं ने पुष्पों की वर्षा के बीच श्रीकृष्ण के नाम का स्मरण किया। रंग-बिरंगे फूलों की सुगंध और भक्ति रस में डूबे स्वर एक दिव्य अनुभूति प्रदान कर रहे थे। उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में राधे-राधे का उद्घोष कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
आयोजन का संचालन क्लब की आयोजक कीर्ति खंडेलवाल एवं दिव्या गुप्ता ने किया। उन्होंने ने बताया कि आध्यात्मिक पहल के रूप में उभर रहा है। क्लब का उद्देश्य लोगों को ऐसा मंच प्रदान करना है, जहाँ वे भक्ति, संगीत, ध्यान और सामूहिक गतिविधियों के माध्यम से अपने जीवन में मानसिक शांति, संतुलन और सकारात्मक सोच विकसित कर सकें।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण लाइव गायकों द्वारा प्रस्तुत रॉक शैली के नवीनतम कृष्ण भजन रहे। पारंपरिक भक्ति संगीत को आधुनिक संगीत के साथ प्रस्तुत कर युवाओं को भी श्रीकृष्ण भक्ति से जोड़ने का प्रेरक प्रयास किया गया। भक्ति जामिंग और डीजे पर प्रस्तुत कृष्ण भजनों ने सभी को झूमने पर विवश कर दिया।
इस दिव्य अवसर पर गौरव खंडेलवाल, मीनाक्षी किशोर, अनीशा, डॉ. अंशिका सरकार, आयुषी, पीयूष वाधवानी, डिंपल राज, विवान, रिशांत आदि उपस्थित रहे।


