*डॉ एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में टॉपर्स एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी हुए सम्मानित

आगरा।डॉ एमपीएस वर्ल्ड स्कूल के अतुल्य भारत कल्चरल सेंटर में टॉपर्स एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए समारोह का आयोजन हर्ष और उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग के 193 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। इस समारोह में शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले, साइंस ओलंपियाड के क्षेत्र में
श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले और शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले विद्यार्थी शामिल थे।
सर्वप्रथम विद्यालय के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए के सिंह और प्रधानाचार्या राखी जैन ने संयुक्त रूप से श्रीगणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित किया। सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरूआत हुई। विद्यालय के विद्यार्थियों ने गणमान्य अतिथियों और अभिभावकों के सम्मान में स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। इन प्रस्तुतियों ने समारोह की शोभा बढ़ा दी और दर्शकों की भरपूर सराहना प्राप्त की।
विद्यालय के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए के सिंह ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय केवल ज्ञान अर्जन का स्थान नहीं बल्कि एक ऐसा मंच है जहाँ विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है। आज जिन विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया है, वे अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का उदाहरण हैं। हमें गर्व है कि हमारे विद्यार्थी न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं बल्कि नैतिक मूल्यों और अनुशासन का भी पालन कर रहे हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय प्रशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस विद्यालय में बच्चों के आत्मविश्वास और प्रस्तुति की सराहना की जाती हैं। साथ ही बच्चों के अंदर निहित प्रतिभा को पहचानकर उसे उसी क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान किया जाता है जो कि इस विद्यालय की सबसे बड़ी विशेषता है।
विद्यालय के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए के सिंह और प्रधानाचार्या राखी जैन ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या राखी जैन ने विद्यालय के अध्यक्ष और अभिभावकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि हमारे विद्यार्थी न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में बल्कि अन्य सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के डीन एडमिनिस्ट्रेशन चंद्रशेखर डैंग, योगी चाहर, पूजा यादव, दिव्या खंडेलवाल, अंकित कुमार, आरजू शर्मा, गौरव वर्मा, नवनीत सिंह,रिचा जसूजा, अंशु गोयल सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। मंच का संचालन सौम्या मिश्रा और अविनीत ग्रोवर ने किया।


