पुलिस ने ताजगंज क्षेत्र में नकली घी बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी

Spread the love

आगरा। कमिश्नरेट पुलिस ने नए साल के दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ताजगंज क्षेत्र में नकली घी बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ी है। यह फैक्ट्री लंबे समय से चल रही थी। मौके पर डीसीपी सिटी सूरज राय समेत ताजगंज पुलिस मौके पर है। पुलिस को फैक्ट्री में बडे़ पैमाने पर घी के टीन मिले हैं। जांच की जा रही है। पुलिस ने फैक्ट्री में काम करने वाले पांच लोगों को हिरासत में ले लिया है। सभी पांचों लोग यहां पर नकली घी बना रहे थे। पुलिस ने सभी से पूछताछ की। उनके मोबाइल जब्त कर लिए हैं। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकली घी भी बरामद किया है। जांच में पता चला है कि आरोपी देश के कई बडे ब्रांडों के नाम पर नकली घी बनाकर उसकी सप्लाई कर रहे थे। इनमें 18 बड़े ब्रांड शामिल हैं। फैक्ट्री से पुलिस को तमाम दस्तावेज मिले हैं। इनमें हिसाब किताब लिखा था। साथ ही एक डायरी मिली है। इसमें उन शहरों के नाम लिखे थे, जहां-जहां यह घी सप्लाई होता था। जालसाजों का नेटवर्क राजस्थान, हरियाणा, जम्मू और उतराखंड राज्यों में फैला हुआ है।

 

डायरी से मिले कागज में कई शहरों के नाम लिखे हुए हैं। इन शहरों में मेरठ, जयपुर, प्रयागराज, वाराणसी, हरियाणा का सिरसा, लखीमपुर, पूर्णिया बिहार, आगरा, गाजीपुर, बिजनौर के नजीबाबाद, रुद्रपुर, जम्मू, पारसपुर शामिल हैं।