नववर्ष पर्यटन सीजन में ताज नेचर वॉक में रिकॉर्ड पर्यटक आवागमन

आगरा। नववर्ष पर्यटन सीजन के दौरान ताज नेचर वॉक, आगरा में पर्यटकों की भारी आमद दर्ज की गई। दिनांक 25 दिसंबर से 4 जनवरी के मध्य कुल 3,955 से अधिक पर्यटकों ने ताज नेचर वॉक का भ्रमण किया, जिससे यह स्थल प्रकृति प्रेमियों, परिवारों एवं बच्चों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।
इस अवधि में ताज नेचर वॉक में 105 विदेशी पर्यटक, 3,611 वयस्क एवं 239 बच्चे शामिल रहे। विशेष रूप से 1 जनवरी को अधिकतम 1,407 पर्यटकों की उपस्थिति दर्ज की गई, जो इस सीजन का सर्वाधिक आंकड़ा रहा।
पर्यटकों की इस भारी उपस्थिति के चलते प्रवेश टिकट बिक्री के माध्यम से लगभग ₹2 लाख से अधिक का राजस्व अर्जित हुआ, जो पर्यावरणीय पर्यटन एवं प्रकृति आधारित स्थलों की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।
इसके अतिरिक्त, इस अवधि के दौरान केन्द्रीय विद्यालय संख्या-2 आगरा, लोपामुद्रा स्कूल आगरा, आरकेजीवीपी इंटर स्कूल सहित अन्य विद्यालयों द्वारा ताज नेचर वॉक का शैक्षणिक भ्रमण किया गया। इन भ्रमणों का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रकृति आधारित अध्ययन, जैव विविधता संरक्षण एवं पर्यावरणीय जागरूकता से जोड़ना रहा।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) आगरा, श्री राजेश कुमार जी ने आगरा के पर्यावरण प्रेमियों, प्रकृति संरक्षण से जुड़े नागरिकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से ही प्राकृतिक धरोहरों का संरक्षण संभव है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी नागरिक इसी प्रकार ताज नेचर वॉक एवं अन्य हरित स्थलों के संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।
ताज नेचर वॉक की हरियाली, समृद्ध जैव विविधता, यमुना नदी का प्राकृतिक दृश्य एवं शांत वातावरण पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण बने रहे। नववर्ष अवसर पर बढ़ी पर्यटक गतिविधियों ने यह सिद्ध किया कि ताज नेचर वॉक न केवल पर्यटन बल्कि पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति शिक्षा का भी एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है।


