व्यापारियों का भरोसा कायम: टीएन अग्रवाल लगातार तीसरी बार अध्यक्ष चुने गए

Spread the love

 

व्यापारियों का भरोसा कायम: टीएन अग्रवाल लगातार तीसरी बार अध्यक्ष चुने गए

 

सर्वसम्मति से हुआ चुनाव, अशोक मंगनानी दूसरी बार महामंत्री बने, व्यापारियों ने फूलों की माला पहनाकर किया सम्मान

तीन वर्ष के कार्यकाल का ब्यौरा रखा, व्यापारियों के हित और प्रशासन से समन्वय को बताया प्राथमिकता

 

आगरा। आगरा व्यापार मंडल का तृतीय वार्षिक चुनाव एवं होली मिलन समारोह सोमवार को रामलीला मैदान, आगरा किला के पीछे स्थित हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आमसभा के माध्यम से हुआ, जिसमें शहर की 92 विभिन्न व्यापारिक संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

आमसभा को संबोधित करते हुए वर्तमान अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने अपने तीन वर्ष के कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि व्यापारियों के हितों और अधिकारों की रक्षा करना तथा सरकार और प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखना उनकी प्राथमिकता में हमेशा शामिल रहा है। उन्होंने बताया कि संगठन ने व्यापारियों की समस्याओं को समय-समय पर प्रशासन तक पहुंचाने के साथ ही विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक कार्यक्रमों का भी सफल आयोजन किया।

इस अवसर पर कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने पिछले तीन वर्षों की आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने आगरा व्यापार मंडल द्वारा आयोजित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि संगठन ने उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के अधिवेशन से लेकर विशाल रक्तदान शिविर जैसे सामाजिक कार्यक्रमों तक सक्रिय भूमिका निभाई।

इसके बाद चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ हुई। चुनाव अधिकारी भगवान दास बंसल और विष्णु दयाल बंसल ने अध्यक्ष एवं महामंत्री पद के लिए नामांकन प्रस्ताव आमंत्रित किए। महामंत्री पद के लिए जय पुरुषनानी ने प्रस्तावक के रूप में अशोक मंगनानी का नाम पुनः प्रस्तावित किया, जिसका अनुमोदन महावीर मंगल ने किया। वहीं अध्यक्ष पद के लिए राजीव गुप्ता ने टीएन अग्रवाल का नाम प्रस्तावित किया, जिसका अनुमोदन जयप्रकाश अग्रवाल ने किया।

सर्वसम्मति से टीएन अग्रवाल लगातार तीसरी बार आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष और अशोक मंगनानी दूसरी बार महामंत्री चुने गए। कार्यक्रम का संचालन जय पुरुषनानी ने किया।

दोनों पदाधिकारियों की जीत की घोषणा होते ही अंशुल अग्रवाल द्वारा लाई गई 25 किलो की फूलों की माला पहनाकर उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। उल्लेखनीय है कि टीएन अग्रवाल आगरा क्लॉथ मर्केंटाइल एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं।

इसके पश्चात होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें सभी व्यापारियों ने एक-दूसरे के माथे पर चंदन लगाकर और पुष्प वर्षा कर होली की शुभकामनाएं दीं।

मुख्य अतिथि विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष टीएन अग्रवाल और महामंत्री अशोक मंगनानी को बधाई देते हुए कहा कि व्यापार मंडल शहर के व्यापारियों की एक मजबूत आवाज है और संगठन के माध्यम से व्यापारियों की समस्याओं का समाधान संभव हो पाता है।

कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों का स्वागत राजेश अग्रवाल ने किया।

इस अवसर पर श्री रामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल, मनोज अग्रवाल (पाली भाई), आगरा व्यापार मंडल के राकेश बंसल, राजेश सिंघल, संदीप गुप्ता, साहूकार सिंह चाहर, राजेंद्र गुप्ता, योगेश रखवानी, राजीव गुप्ता, दुष्यंत गर्ग, अंशुल अग्रवाल, देवेंद्र अग्रवाल, कन्हैयालाल राठौर, जयप्रकाश अग्रवाल, धीरज वर्मा, राकेश अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।