सराफा कारोबार को संगठित करने पर मंथन, होली मिलन में ब्रज की फूलों की होली से सजी सांस्कृतिक संध्या

Spread the love

 

सराफा कारोबार को संगठित करने पर मंथन, होली मिलन में ब्रज की फूलों की होली से सजी सांस्कृतिक संध्या

 

सोने-चांदी के दामों में उतार-चढ़ाव और चांदी पर संभावित हॉलमार्क अनिवार्यता को लेकर व्यापारियों ने बनाई रणनीति

 

आगरा। आगरा सराफा मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन द्वारा सोमवार को कमला नगर स्थित अग्रवाल सेवा सदन में होली मिलन समारोह एवं साधारण सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जहां ब्रज की पारंपरिक फूलों की होली और फागुन के रसिया की मधुर धुनों के बीच सांस्कृतिक संध्या का आनंद लिया गया, वहीं सोने-चांदी की कीमतों में हो रहे उतार-चढ़ाव तथा चांदी पर हॉलमार्क की संभावित अनिवार्यता जैसे मुद्दों पर सराफा व्यापार को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की रणनीति पर भी मंथन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रजमोहन रैपुरिया, संरक्षक खिल्लो सिंह धाकड़ व मुन्नालाल शिवहरे, निवर्तमान अध्यक्ष पवन दौनेरिया, महामंत्री मनोज कुमार शर्मा तथा कोषाध्यक्ष गणेश चंद गोयल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर सभी सदस्यों का चंदन तिलक लगाकर स्वागत किया गया।

दो सत्रों में आयोजित कार्यक्रम के प्रथम सत्र में ब्रज की पारंपरिक फूलों की होली और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। फागुन के रसिया और होली गीतों की धुनों पर उपस्थित सदस्यों ने नृत्य-संगीत का आनंद लेते हुए उत्सव का उल्लासपूर्ण वातावरण बनाया।

द्वितीय सत्र में आयोजित साधारण सभा में सराफा व्यापार की वर्तमान परिस्थितियों और चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई। अध्यक्ष ब्रजमोहन रैपुरिया ने कहा कि सोने और चांदी के दामों में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण व्यापार में अनिश्चितता की स्थिति बनी रहती है। ऐसे समय में सभी व्यापारियों को एकजुट होकर समन्वय के साथ कार्य करना होगा, ताकि कारोबार को सुरक्षित और व्यवस्थित दिशा दी जा सके।

अपने संबोधन में उन्होंने आगे बताया कि हाल ही में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के अधिकारियों के साथ चांदी पर हॉलमार्क की संभावित अनिवार्यता को लेकर भी चर्चा हुई थी। इस विषय पर व्यापारियों की एक बैठक आयोजित कर सरलीकरण के सुझाव दिए गए। उन्होंने कहा कि आगरा में चांदी के तार से बनने वाले आभूषणों के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के टंच से तैयार होने वाले आभूषणों की मेल्टिंग प्रक्रिया को सरल बनाने पर विशेष रूप से चर्चा की गई है। सरकार के रुझान को देखते हुए सराफा व्यापार पूरी तरह संवेदनशील और सजग है तथा व्यापारियों का संकल्प है कि सरकार के नए नियमों के अनुरूप अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाते हुए इस क्षेत्र का उज्ज्वल भविष्य तैयार किया जाएगा।

निवर्तमान अध्यक्ष पवन दौनेरिया ने सदस्यों को जागरूक करते हुए सुझाव दिया कि सभी व्यापारी अपने आर्थिक हितों को सुरक्षित रखने के लिए अपनी फर्म का बीमा (इंश्योरेंस पॉलिसी) अवश्य कराएं, ताकि किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में व्यापार को सुरक्षा मिल सके।

वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि आगरा में चांदी के आभूषणों के निर्माण का कार्य बड़े पैमाने पर होता है और यहां तैयार होने वाले आभूषणों की पूरे देश में विशेष मांग रहती है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि आगरा के चांदी आभूषण उद्योग को सरकार की प्रमुख राष्ट्रीय पहल मेक इन इंडिया में स्थान दिया जाए। इससे आगरा के चांदी आभूषण निर्माण उद्योग को वैश्विक स्तर पर पहचान मिलेगी और विनिर्माण क्षेत्र के विस्तार के माध्यम से देश के युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

इस अवसर पर आगरा व्यापार मंडल के नवनिर्वाचित अध्यक्ष टीएन अग्रवाल और महामंत्री अशोक मंगनानी, नेशनल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य देवेंद्र गोयल, डीजी मित्तल, विनय मित्तल तथा मयंक अग्रवाल का संस्था की ओर से विशेष स्वागत एवं सम्मान किया गया। साथ ही सराफा कमेटी, सराफा एसोसिएशन, स्वर्णकार कमेटी और किनारी बाजार सराफा कमेटी के पदाधिकारियों का भी स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज गुप्ता व अनिल कुमार जैन, उपाध्यक्ष मनीष परोलिया व मनीष जैन, संगठन सचिव कुलभूषण गुप्ता रामभाई, सचिव मुकेश कुमार गुप्ता, सोहनलाल गोयल, उल्लास दौनेरिया, दिलीप गुप्ता, सोनू गोयल, आदित्य गुप्ता, बृजेश गुप्ता, राजीव मित्तल, धर्मेंद्र सिंह, हरीश कुमार गुप्ता आदि सदस्य उपस्थित रहे।