
कावेरी मंदिर में 25 मार्च से नौ दिवसीय श्री राम कथा, आमंत्रण पत्र का हुआ विमोचन
श्री हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष में कावेरी मंदिर कमेटी आयोजित कर रही भव्य आयोजन
आगरा। कावेरी मंदिर कमेटी द्वारा श्री राम कथा का आयोजन 25 मार्च से श्री हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष में कावेरी कुंज, कमला नगर स्थित कावेरी मंदिर में किया जाएगा। इस नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन के लिए रविवार को आमंत्रण पत्र विमोचन समारोह आयोजित किया गया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि आगरा व्यापार मंडल अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर उन्होंने राम कथा का मर्म बताते हुए कहा कि यह कथा मानव जीवन को मर्यादा, भक्ति और आदर्शों का मार्ग दिखाती है। आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को अपने संस्कारों से जोड़ना प्रमुख उद्देश्य है।
कमेटी अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल ने बताया कि 25 मार्च को सायं 4 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें महिलाएं पीत वस्त्र धारण कर कलश लेकर चलेंगी। कथा का वाचन अंतरराष्ट्रीय कथा व्यास पंडित श्री भगवान भैया द्वारा किया जाएगा।
महामंत्री देवेन्द्र अग्रवाल ने जानकारी दी कि 26 मार्च से प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से सायं 6 बजे तक कथा का आयोजन होगा। 2 अप्रैल को हवन, भंडारा, छप्पन भोग, अलौकिक श्रृंगार एवं भजन संध्या के साथ कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
वरिष्ठ सदस्य आरके श्रोत्रिय ने बताया कि मंदिर परिसर में श्री हनुमान जन्मोत्सव मनाने की परंपरा 18 अप्रैल 2011 से प्रारंभ हुई, जो निरंतर भव्य रूप लेती जा रही है।
आमंत्रण पत्र विमोचन के अवसर पर कन्हैया भटीजा, अतुल बंसल, गिरीश कुमार गुप्ता, राम प्रकाश अग्रवाल, राकेश गर्ग, रोहित केसवानी, अनुराग अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, तुषार अग्रवाल, पार्षद हरिओम आदि उपस्थित रहे।


