यमुना अवतरण दिवस पर आरती स्थल पर आस्था और संकल्प का संगम

आगरा। रिवर कनेक्ट कैंपेन के तत्वावधान में यमुना आरती स्थल पर माँ यमुना का पावन अवतरण दिवस (यमुना छठ) श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दुग्धाभिषेक, विशेष पूजा, दीपदान और भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में यमुना भक्तों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में बृज खंडेलवाल, पद्मिनी अय्यर, चतुर्भुज तिवारी, डॉ. देवाशीष भट्टाचार्य, पंडित जुगल किशोर, गोस्वामी नंदन श्रोतरीय, अभिनव, मुकेश चौधरी, राहुल नंदवंशी, दीपक राजपूत, शाहतोश गौतम और सतीश गुप्ता सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रिवर कनेक्ट कैंपेन के संयोजक बृज खंडेलवाल ने बताया कि पिछले बारह वर्षों से यह आयोजन निरंतर किया जा रहा है, ताकि शहरवासियों का आगरा की जीवन रेखा यमुना नदी के साथ भावनात्मक जुड़ाव मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से यमुना बैराज निर्माण, अविरल जल प्रवाह सुनिश्चित करने और नदी के शुद्धिकरण जैसी महत्वपूर्ण मांगों को लगातार उठाया जाता रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, आस्था और जीवन का आधार है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य लोगों को अपनी इस जीवनदायिनी धरोहर के संरक्षण के लिए जागरूक और प्रेरित करना है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने माँ यमुना की आरती में भाग लेकर उनके संरक्षण और पुनर्जीवन का संकल्प लिया। पूरे वातावरण में भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक जिम्मेदारी का अद्भुत संगम देखने को मिला।


