डॉ एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में किंडरगार्टन ग्रेजुएशन सेरेमनी का भव्य आयोजन

Spread the love

डॉ एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में किंडरगार्टन ग्रेजुएशन सेरेमनी का भव्य आयोजन

आगरा।डॉ एमपीएस वर्ल्ड स्कूल के स्वामी विवेकानंद सभागार में किंडरगार्टन ग्रेजुएशन सेरेमनी का बड़े हर्ष और उल्लास के साथ आयोजन किया गया।

सर्वप्रथम विद्यालय के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए के सिंह तथा प्रधानाचार्या राखी जैन ने संयुक्त रूप से श्रीगणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित किया। सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। विद्यालय के विद्यार्थियों ने गणमान्य अतिथियों और अभिभावकों के सम्मान में स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उपस्थित अभिभावकों और शिक्षकों ने बच्चों की प्रस्तुति पर करतल ध्वनि से उनका उत्साहवर्धन किया।

 

विद्यालय के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए के सिंह ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि यह दिन हमारे नन्हे विद्यार्थियों के जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण और स्मरणीय अवसर है। यह केवल एक ग्रेजुएशन समारोह नहीं बल्कि उनके शैक्षणिक जीवन की प्रथम महत्वपूर्ण उपलब्धि का उत्सव है। उन्होंने बच्चों के प्रति अपने स्नेह को व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चा उनके लिए अत्यंत प्रिय है और वे सभी विद्यार्थियों को अपने परिवार का ही एक अभिन्न अंग मानते हैं। बच्चे वास्तव में ईश्वर का साक्षात रूप होते हैं। उनके हृदय में किसी भी प्रकार का भेदभाव, छल या कपट नहीं होता। उनकी निष्कलुषता, सरलता और निर्मलता ही उन्हें सबसे विशेष बनाती है। ऐसे पवित्र और कोमल मन वाले बच्चों का मार्गदर्शन करना तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए कार्य करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान प्रदान करना नहीं है बल्कि बच्चों के भीतर संस्कार, आत्मविश्वास, अनुशासन और मानवीय मूल्यों का विकास करना भी है। आज बच्चों की आत्मविश्वास से भरी प्रस्तुतियाँ यह प्रमाणित करती हैं कि वे जीवन की आगामी चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं तथा अभिभावकों और शिक्षकों को इस सफलता के लिए हार्दिक बधाई दी।

 

समारोह में उपस्थित अभिभावकों ने बच्चों के आत्मविश्वास और प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि उनके बच्चों की शिक्षा और व्यक्तित्व विकास में डॉ एमपीएस वर्ल्ड स्कूल की भूमिका अत्यंत सराहनीय है। यहाँ शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, आत्मविश्वास और रचनात्मकता को भी समान रूप से प्रोत्साहित किया जाता है। उन्होंने विद्यालय के अध्यक्ष और प्रधानाचार्या के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या राखी जैन ने अध्यक्ष महोदय तथा सभी अभिभावकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विद्यालय के डीन एडमिनिस्ट्रेशन चंद्रशेखर डैंग, योगी चाहर, प्राची यादव, चरणजीत कौर, मीनाक्षी शर्मा, रिंपी कक्कड़, यशी कौशिक, अंशु गोयल, रेनू मखीजा, अलका तथा दिव्या पंजवानी उपस्थित रहे। मंच संचालन दीपा शर्मा ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।