सहकार भारती को नई दिशा देगा प्रदेश संगठन प्रमुख का प्रवास

Spread the love

 

 

सहकार भारती को नई दिशा देगा प्रदेश संगठन प्रमुख का प्रवास

11 से 13 अप्रैल तक आगरा मंडल के विभिन्न जनपदों में होंगे कार्यक्रम

आगरा। सहकार भारती के प्रदेश संगठन प्रमुख श्री कर्मवीर सिंह जी का आगरा विभागीय प्रवास दिनांक 11 अप्रैल से 13 अप्रैल 2026 तक निर्धारित किया गया है। इस महत्वपूर्ण प्रवास के अंतर्गत वे मथुरा, आगरा एवं फिरोजाबाद जनपदों सहित महानगर इकाइयों में विभिन्न सत्रों के माध्यम से संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।

 

उल्लेखनीय है कि हाल ही में सहकार भारती की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक कानपुर में सम्पन्न हुई तथा प्रदेश कार्यकारी बैठक 1 एवं 2 अप्रैल को वाराणसी में आयोजित की गई। इन बैठकों में लिए गए निर्णयों के क्रम में तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने एवं समाज में सहकारिता की भावना जागृत करने के उद्देश्य से यह विभागीय प्रवास आयोजित किया जा रहा है, ताकि सहकारिता का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा सके।

 

प्राप्त कार्यक्रम के अनुसार 11 अप्रैल को मथुरा जिला एवं महानगर, 12 अप्रैल को आगरा महानगर एवं जिला तथा 13 अप्रैल को फिरोजाबाद जिला एवं महानगर में बैठकें एवं संगठनात्मक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त प्रवास के दौरान मैनपुरी जनपद का भी कार्यक्रम समयानुसार आयोजित किया जाएगा, जिससे वहां के कार्यकर्ताओं को भी मार्गदर्शन का लाभ प्राप्त होगा।

 

सभी कार्यक्रमों के स्थल संबंधित जिला एवं महानगर इकाइयों द्वारा निर्धारित कर लिए गए हैं तथा कार्यक्रम समयानुसार संपन्न किए जाएंगे। इन बैठकों में संगठन की वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा, आगामी कार्ययोजना, सहकारिता के विस्तार एवं संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण पर विशेष रूप से चर्चा की जाएगी।

 

इस प्रवास में सहकार भारती, आगरा मंडल के विभाग संयोजक श्री राकेश चन्द्र शुक्ला भी साथ रहेंगे और समस्त कार्यक्रमों के समन्वय एवं संचालन में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

 

सहकार भारती के पदाधिकारियों के अनुसार यह प्रवास संगठन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे न केवल कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा एवं दिशा प्राप्त होगी, बल्कि सहकारिता के सिद्धांतों को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने में भी गति मिलेगी।

 

आगरा मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी राष्ट्रीय, प्रदेश, विभाग, जिला एवं महानगर स्तर के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं से आग्रह किया गया है कि वे निर्धारित समयानुसार कार्यक्रमों में उपस्थित होकर अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।