महाराणा प्रताप के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 14 जून को शमशाबाद में होगा भव्य प्रतिमा अनावरण ।

आगरा। जनपद आगरा के तहसील फतेहाबाद के कस्बा शमशाबाद में 14 जून को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम शमशाबाद स्थित ए.पी. इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम को लेकर जिला पंचायत कार्यालय आगरा में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया एवं भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनियाँ के साथ अन्य भाजपा नेताओं ने जानकारी देते हुए बताया कि शमशाबाद नगर के मुख्य द्वार पर महाराणा प्रताप की 15 फीट ऊंची एवं 12 फीट चौड़ी भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है, जिसका लोकार्पण 14 जून को किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आमजन की भागीदारी रहने की संभावना है। आयोजकों के अनुसार लाखों लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
प्रेस वार्ता के दौरान कार्यक्रम के संयोजक व भाजपा नेताओं ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल मेवाड़ के शासक ही नहीं, बल्कि भारतीय स्वाभिमान, स्वतंत्रता और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक हैं। उन्होंने अपने जीवन में कभी भी आत्मसम्मान और मातृभूमि की रक्षा के सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने संघर्ष का मार्ग चुना और अपने राज्य तथा संस्कृति की रक्षा के लिए कठिन से कठिन जीवन व्यतीत किया।
महाराणा प्रताप का जीवन त्याग, तपस्या, साहस और राष्ट्रप्रेम का अनुपम उदाहरण माना जाता है। उन्होंने जंगलों और पहाड़ों में रहकर भी अपने स्वाभिमान को सर्वोपरि रखा। घास की रोटियां खाकर जीवन यापन करने की कथा आज भी उनके अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प की प्रतीक मानी जाती है। उनका संपूर्ण जीवन आने वाली पीढ़ियों को यह संदेश देता है कि राष्ट्र और सम्मान की रक्षा के लिए किसी भी कठिनाई का सामना किया जा सकता है।
प्रेस वार्ता में नेताओं ने कहा कि शमशाबाद में स्थापित की जा रही यह प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि युवाओं को महाराणा प्रताप के आदर्शों, वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति से प्रेरित करने का माध्यम बनेगी। यह प्रतिमा क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।
प्रेस वार्ता में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनियाँ, विजय शिवहरे, भगवान सिंह कुशवाहा, रामसकल गुर्जर, प्रदीप भाटी, सहदेव शर्मा, मुकेश चाहर, नरेश शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।


