*डा. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में छात्र संसद का भव्य अलंकरण समारोह आयोजित, नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दिलाई गई शपथ

आगरा।डा. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल के अतुल्य भारत कल्चर सेंटर में भव्य अलंकरण समारोह का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में किया गया। इस समारोह का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व कौशल का विकास करना, लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ बनाना और उन्हें विद्यालय प्रशासन व अनुशासन में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का गरिमामय शुभारंभ मुख्य अतिथि, डॉ एमपीएस ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए के सिंह, प्रधानाचार्या राखी जैन एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और देवस्तुति के साथ हुआ। इसके पश्चात प्रधानाचार्या राखी जैन ने मुख्य अतिथि महोदय को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

इस अवसर पर विद्यालय के संगीत संकाय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में समां बांध दिया और सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
विद्यालय में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूर्णतः निष्पक्ष एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन करते हुए छात्र संसद के सभी सदस्यों का चयन किया गया। नवगठित छात्र संसद में बारहवीं कक्षा के छात्र धैर्य शर्मा को मुख्य छात्र (हेड बॉय) तथा पलक बोधवानी को मुख्य छात्रा (हेड गर्ल) चुना गया। इसके साथ ही अंकुश और कनिष्का सिंह को स्कूल प्रीफेक्ट, दुष्यंत को कल्चरल कैप्टन और गीत कक्कड़ को डिप्टी कल्चरल कैप्टन, अथर्व जैन को स्पोर्ट्स कैप्टन और आदित्य यादव को डिप्टी स्पोर्ट्स कैप्टन, तथा तनिष्का राना को लैंग्वेज कैप्टन व श्रेया सक्सेना को डिप्टी लैंग्वेज कैप्टन बनाया गया।
विभिन्न सदनों (हाउसेज) में भी कप्तानों की घोषणा की गई, जिसके तहत तेजस हाउस से राधिका यादव को कप्तान और पलक चौधरी को डिप्टी कप्तान, पृथ्वी हाउस से सिद्धक प्रीत सिंह को कप्तान और जय भारद्वाज को डिप्टी कप्तान, आकाश हाउस से समर्थ अग्रवाल को कप्तान और इरिका को डिप्टी कप्तान तथा वज्र हाउस से मेधांश गुप्ता को कप्तान और आरव सारस्वत को डिप्टी कप्तान नियुक्त किया गया।
नवनिर्वाचित छात्र संसद के सभी पदाधिकारियों को मुख्य अतिथि स्क्वाड्रन लीडर ए के सिंह और प्रधानाचार्या राखी जैन ने संयुक्त रूप से पदनाम अंकित पट्टिका पहनाकर एवं बैज लगाकर उनके दायित्वों, निष्ठा और कर्तव्यपालन की शपथ ग्रहण कराई।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित छात्र-नेताओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि स्क्वाड्रन लीडर ए के सिंह ने कहा कि नेतृत्व क्षमता व्यक्ति को जीवन में निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि जब किसी विद्यार्थी में नेतृत्व के गुण विकसित होते हैं, तो वह केवल अपने लिए ही नहीं, बल्कि समाज और देश के लिए भी एक मार्गदर्शक बनता है। छात्र जीवन में पड़ी यह नींव विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, जिम्मेदारी और अनुशासन जैसे गुणों का संचार करती है, जो उन्हें भविष्य में एक श्रेष्ठ नागरिक बनाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों की भावना रोपित करना विद्यालय का प्राथमिक कर्तव्य है। जब हम बच्चों को अपनी बात रखने, विचार साझा करने और मत देने का अवसर देते हैं, तो वे अपने अधिकारों के साथ-साथ दूसरों के विचारों का सम्मान करना भी सीखते हैं। छात्र संसद जैसे आयोजन विद्यार्थियों को निर्णय लेने, समूह में कार्य करने, सहमति बनाने और असहमति को स्वीकारने की संस्कृति सिखाते हैं, जो किसी भी लोकतांत्रिक समाज की रीढ़ है। उन्होंने चुने गए सभी सदस्यों से अपील की कि वे अपने कर्तव्यों को पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता, सच्चाई और सेवा भावना से निभाएं।

कार्यक्रम के समापन सत्र में विद्यालय की प्रधानाचार्या राखी जैन ने मुख्य अतिथि, उपस्थित अभिभावकों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया और छात्र-पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर विद्यार्थी में कुछ कर सकने की अद्भुत क्षमता होती है, आवश्यकता केवल उसे पहचानकर आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने की है। इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित सभी अभिभावकों ने विद्यालय प्रशासन और शिक्षकों के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
समारोह में विद्यालय के डीन एडमिनिस्ट्रेशन चंद्रशेखर डैंग, डीन एकेडमिक्स योगी चाहर, पूजा यादव, डॉ. मुकेश राय, रश्मि, अनुज सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। मंच का संचालन सौम्या मिश्रा ने किया।


