राज्यस्तरीय योग प्रतियोगिता में डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल की बालिकाओं का शानदार प्रदर्शन

Spread the love

राज्यस्तरीय योग प्रतियोगिता में डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल की बालिकाओं का शानदार प्रदर्शन

 

 

 

 

 

 

 

इटावा सफारी पार्क में आयोजित तीन दिवसीय 10वीं उत्तर प्रदेश स्टेट योग स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 में जनपद आगरा की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना दबदबा कायम किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के 17 जिलों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी योग प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग में डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल की छात्राएं ओवरऑल चैंपियन रहीं। समापन अवसर पर अतिथियों ने विजेता टीम को चैंपियन ट्रॉफी, पदक एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

 

यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश योग स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित की गई। प्रतियोगिता के अंतिम दिन मुख्य अतिथि मुख्य वन संरक्षक, बुंदेलखंड जोन, झांसी एच.वी. गिरीश ने विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।

 

समापन समारोह में विशिष्ट अतिथि डीआरएम मैकेनिकल, रेलवे आगरा राजकुमार वर्मा, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग विकास नायक तथा मथुरा पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रोफेसर, सर्जरी विभाग डॉ. आर.पी. पहिया उपस्थित रहे। सफारी पार्क के निदेशक एवं उत्तर प्रदेश योग स्पोर्ट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार पटेल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर टेक्निकल कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मुकेश राय तथा जनरल सेक्रेटरी ए.के. सक्सेना सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

विद्यालय के विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए के सिंह ने योग प्रशिक्षक डॉ. मुकेश राय और रश्मि की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं बल्कि एकाग्रता, आत्मविश्वास, धैर्य और मानसिक संतुलन विकसित करने की जीवन-पद्धति है। हमारे विद्यार्थियों ने राज्यस्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जनपद आगरा का नाम गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी खेल और योग के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। विद्यालय सदैव विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने और उसे उचित मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कोच एवं प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन तथा विद्यार्थियों के समर्पण की विशेष रूप से प्रशंसा की।

 

विद्यालय की प्रधानाचार्या राखी जैन ने विजयी छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि योग में राज्यस्तरीय चैंपियन बनना विद्यालय के लिए अत्यंत गौरव का विषय है। छात्राओं ने अपनी लगन, अनुशासन और कठिन परिश्रम से यह सिद्ध किया है कि निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कोच एवं प्रशिक्षकों के प्रयासों की भी सराहना की।

 

विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विजयी छात्राओं को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।