‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ विज्ञान भवन, नई दिल्ली से मा. प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के संबोधन को कलेक्ट्रेट सभागार में देखा व सुना गया

*कार्यक्रम में जनपद की महिला प्रधानों व महिला अधिकारियों, कार्मिकों,को किया गया सम्मानित,नारी वंदन अधिनियम के लाभ तथा उसके बारे में विस्तार से जानकारी की गई प्रदान*
आगरा.13.04.2026.भारत सरकार द्वारा माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की अध्यक्षता में आज विज्ञान भवन, नई दिल्ली में ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ के आयोजन के सजीव प्रसारण को महिला ग्राम प्रधानों, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों, महिला कार्मिकों व अधिकारियों की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में देखा व सुना गया।
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने उक्त कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों की प्रख्यात एवं विशिष्ट महिला व्यक्तित्वों , विविध क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं जिनमें जनप्रतिनिधि, नीति-निर्माता, शिक्षाविद, चिकित्सक, वैज्ञानिक, खेल जगत से जुड़ी महिलाएं, उद्यमी, स्टार्टअप लीडर्स, मीडिया पेशेवर, सामाजिक कार्यकर्ता तथा कला एवं संस्कृति के क्षेत्र से संबंधित महिला प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के कल्याण हेतु बनाए गए सभी अधिनियमों में अत्यंत महत्वपूर्ण है, उन्होंने कहा कि यह अधिनियम 21वीं सदी के सबसे बड़े, महत्वपूर्ण निर्णयों में से एक है, यह नए युग का आगमन है, इसे सभी के साथ संवाद, सहयोग, सहभागिता से लागू करेंगे। महिलाओं की भागीदारी से व्यवस्थाओं में संवेदनशीलता आई है, उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओं, गर्भवती माताओं के लिए मातृ वंदना योजना, बेटियों के टीकाकरण को मिशन इंद्र धनुष, स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत महिलाओं के लिए करोड़ों शौचालय, सुकन्या समृद्धि योजना, मुद्रा योजना में 60 प्रतिशत से अधिक महिला भागीदारी मेटरनिटी लीव को बढ़ाकर 26 सप्ताह किया गया, देशभर में 06 करोड़ लखपति दीदी बनाने के लक्ष्य के सापेक्ष 03 करोड़ लखपति दीदी बनाई जा चुकी है।
पुरुषों के एकाधिकार वाले क्षेत्रों में महिला भागीदारी बढ़ी है जो महिला शसक्तीकरण को प्रेरणा देती है फाइटर पायलट, रिसर्च सेक्टर में महिलाओं ने नए कीर्तिमान गढ़े हैं विश्व में सबसे ज्यादा पायलट महिला हैं।
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने सजीव प्रसारण में महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का लागू होना एक बहुत बड़ा अवसर है, जिससे पंचायत से लेकर संसद तक महिलाओं की भागीदारी और भी आसान हो जाएगी। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में महिलाओं की भूमिका में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
2014 में देशवासियों ने उन्हें सेवा का अवसर दिया, जिसके बाद सरकार ने बेटियों और महिलाओं के जीवन को आसान बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसका लाभ बड़ी संख्या में महिलाओं को मिल रहा है। इसके अलावा, जन औषधि केंद्रों के माध्यम से सस्ती दवाइयों की सुविधा भी दी जा रही है, जिससे बहनों को विशेष लाभ हो रहा है।
महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए उनकी आर्थिक भागीदारी बढ़ाना आवश्यक है, इसलिए सरकार की हर योजना में इस पहलू पर विशेष ध्यान दिया गया है। पहले परिवार की संपत्ति प्रायः पुरुषों के नाम होती थी, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर महिलाओं के नाम पर देने का कार्य किया गया है।
महिलाओं को बैंकिंग प्रणाली से जोड़ने के लिए जनधन योजना के तहत 32 करोड़ से अधिक खातों का खुलवाया गया है। आज बेटियां नए-नए व्यवसायों में आगे बढ़ रही हैं। मुद्रा योजना के तहत 50% से अधिक ऋण महिलाओं ने लिए हैं। साथ ही, महिलाओं के लिए 26 सप्ताह का मातृत्व अवकाश और विभिन्न व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र भी स्थापित किए गए हैं।
इसके परिणामस्वरूप महिलाएं तकनीक के माध्यम से आधुनिकता सीख रही हैं। लगभग 10 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हुई हैं।
प्रधानमंत्री जी ने कहा कि उन्होंने बैंकों के कारोबार में गरीबों की अमीरी और अमीरों की गरीबी दोनों देखी है। महिलाएं “लोकल फॉर वोकल” अभियान के तहत ब्रांड एंबेसडर बन रही हैं। उन्होंने “Women-led Development” की अवधारणा पर जोर देते हुए कहा कि आज बेटियां फाइटर जेट उड़ा रही हैं और दुनिया में सबसे अधिक महिला पायलट भारत में हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में भी महिलाएं गणित और विज्ञान में आगे बढ़ रही हैं। अंत में उन्होंने सभी महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाएं, ताकि देश की हर महिला सशक्त बन सके। साथ ही उन्होंने महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में पूरी भागीदारी निभाने का संकल्प दिलाया
जनपद में उक्त कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बमरौली कटारा की ग्राम प्रधान श्रीमती मधु राणा, राजरई की श्रीमती मंजू तिवारी, रोहता की श्रीमती मुन्नी देवी,धमौटा की श्रीमती उर्मिला देवी, इस्लामपुर की श्रीमती ऊषा देवी सहित आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों तथा महिला कार्मिकों, अधिकारियों तथा विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं को सम्मानित किया गया तथा नारी वंदन अधिनियम के लाभ तथा उसके बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में पीडी डीआरडीए रेनू कुमारी जी, उपनिदेशक बाल विकास श्रीमती श्रुति शुक्ला, जिला प्रोबेशन अधिकारी अतुल सोनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री मनोज मौर्य, वर्तिका दीक्षित सहित बड़ी संख्या में विभिन्न क्षेत्रों की महिलाएं उपस्थित रहीं।
………………
जिला सूचना कार्यालय आगरा द्वारा प्रसारित।


