डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल के मैदान पर उतरा जोश, शानदार मार्च पास्ट से हुआ आगाज़

Spread the love

डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल के मैदान पर उतरा जोश, शानदार मार्च पास्ट से हुआ आगाज़

आगरा।डॉ. एमपीएस वर्ल्ड स्कूल में वार्षिक खेल दिवस अत्यंत उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने शानदार टॉर्च रिले और मार्च पास्ट प्रस्तुत किया, जिसने अनुशासन और तालमेल की मिसाल पेश करते हुए सभी का ध्यान आकर्षित किया। समारोह को और भी मनोरम बनाने के लिए विद्यार्थियों द्वारा योग, गीत, नृत्य, दौड़ और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।

 

इस अवसर पर अभिभावकों के लिए भी विभिन्न प्रकार की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। स्पर्धाओं में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विजयी विद्यार्थियों और अभिभावकों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

 

विद्यालय के अध्यक्ष स्क्वाड्रन लीडर ए के सिंह ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है। खेल हमें अनुशासन, धैर्य और टीम भावना सिखाते हैं, जो शिक्षा के साथ मिलकर हमें वास्तविक ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं। उन्होंने आगे कहा कि आज की युवा पीढ़ी पर ही देश का भविष्य निर्भर है। कठिन परिश्रम, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण से ही कोई महान वैज्ञानिक, डॉक्टर, सैन्य अधिकारी या उद्यमी बन सकता है। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे समाज और देश सेवा को अपना लक्ष्य बनाएं।

 

विद्यालय की प्रधानाचार्या राखी जैन ने अपने संबोधन में खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने और टीम भावना को अपनी आदत बनाने का आग्रह किया।

 

इस अवसर पर विद्यालय के डीन एडमिनिस्ट्रेशन चंद्रशेखर डैंग, योगी चाहर, पूजा यादव सहित विद्यालय के सभी शिक्षक- शिक्षिकाएँ उपस्थित रहें।