लखनऊ में ‘गौ प्रतिष्ठा-धर्मयुद्ध शंखनाद’ के होर्डिंग्स उखाड़े गए, नगर निगम और प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप

Spread the love

 

लखनऊ में ‘गौ प्रतिष्ठा-धर्मयुद्ध शंखनाद’ के होर्डिंग्स उखाड़े गए, नगर निगम और प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप

सनातन संघर्ष समिति ने उठाए सवाल: क्या गौ माता और सनातन धर्म की आवाज़ उठाना अपराध है?

लखनऊ में 11 मार्च (बुधवार) को आयोजित होने वाले विशाल ‘गौ प्रतिष्ठा – धर्मयुद्ध शंखनाद’ कार्यक्रम से ठीक पहले प्रशासन और नगर निगम की एक चौंकाने वाली और चयनात्मक (selective) कार्रवाई सामने आई है। आयोजन की जानकारी देने के लिए लगाए गए होर्डिंग्स को प्रशासन द्वारा न केवल फाड़ा गया, बल्कि नगर निगम की टीम पूरा ढांचा, फ्रेम और बल्लियां तक उखाड़ कर अपनी गाड़ी में भर ले गई।

इस घटना ने सनातन प्रेमियों और गौ-भक्तों में भारी रोष पैदा कर दिया है। सनातन संघर्ष समिति, श्री प्रेमानिधि मन्दिर, आगरा के बैनर तले आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम के आयोजकों ने प्रशासन की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

एकतरफा कार्रवाई से उपजा आक्रोश

प्रत्यक्षदर्शियों और आयोजन समिति के अनुसार, प्रशासन की यह कार्रवाई पूरी तरह से दुर्भावनापूर्ण और एकतरफा है। जिस स्थान पर ‘गौ माता-राष्ट्र माता’ के होर्डिंग्स को निशाना बनाया गया, ठीक उसी स्थान पर सटे हुए अन्य होर्डिंग्स (जैसे बुंदेले बाबा के मेले के बैनर) जस के तस सुरक्षित लगे हुए हैं। नगर निगम और पुलिस की टीम ने अन्य किसी भी बैनर को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि निशाना केवल गौ माता की प्रतिष्ठा के लिए हो रहे इस आयोजन को बनाया गया है।

पंडित आशीष वल्लभ पचौरी और सनातन संघर्ष समिति के अन्य सदस्यों ने इस कृत्य पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा, “क्या शासन-प्रशासन इतना भय में है कि इस प्रकार से किसी धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम की जानकारी देने वाले होर्डिंग्स को चुन-चुन कर हटाएगा? क्या सनातन धर्म और गौ माता की आवाज उठाने का परिणाम यही होगा? हमारे पास प्रशासन के लिए बहुत सारे सवाल हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि जवाब देने वाला कोई नहीं है।”

गौ-भक्तों का स्पष्ट कहना है कि इस तरह की प्रशासनिक बाधाओं से सनातन धर्म और गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा दिलाने का उनका संकल्प कमजोर नहीं होगा। प्रशासन के इस दोहरे रवैये की कड़ी निंदा की जा रही है और आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम अपने तय समय और उत्साह के साथ संपन्न होगा।