सियाराम सेवा समिति ने 17 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित, इंटरमीडिएट के टॉप-5 विद्यार्थियों को मिले लैपटॉप

Spread the love

 

मेधाओं का हुआ सम्मान, सपनों को मिली नई उड़ान

 

सियाराम सेवा समिति ने 17 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित, इंटरमीडिएट के टॉप-5 विद्यार्थियों को मिले लैपटॉप, हाईस्कूल के दो मेधावियों को मोबाइल फोन भेंट

आगरा। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के उद्देश्य से सियाराम सेवा समिति, आगरा द्वारा अग्रधाम सेवा सदन, सेवला सराय, ग्वालियर रोड पर “मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह” आयोजित किया गया। समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करने वाले 17 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में इंटरमीडिएट में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले पांच विद्यार्थियों को लैपटॉप तथा हाईस्कूल के दो मेधावी विद्यार्थियों को मोबाइल फोन प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त अन्य छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र एवं सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक महेश गोयल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में अभिषेक अग्रवाल (आईपीएस), पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में नीतेश अग्रवाल, अध्यक्ष अग्रवाल महासभा आगरा उपस्थित रहे।

अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में पूर्व विधायक महेश गोयल ने कहा कि समाज की सबसे बड़ी पूंजी उसके शिक्षित और संस्कारित युवा हैं। सियाराम सेवा समिति निरंतर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय है और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान इसी श्रृंखला का महत्वपूर्ण प्रयास है। अग्रवाल संगठन बिन्दू कटरा के अध्यक्ष भगवान दास बंसल ने कहा कि प्रतिभाओं को समय पर प्रोत्साहन मिलने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और वे जीवन में बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मुख्य अतिथि अभिषेक अग्रवाल (आईपीएस) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता केवल अंकों से नहीं, बल्कि अनुशासन, परिश्रम और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति से प्राप्त होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह युवाओं में नई ऊर्जा का संचार करते हैं और उन्हें उत्कृष्टता की राह पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।

विशिष्ट अतिथि नीतेश अग्रवाल ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समाज की श्रेष्ठ परंपरा है। जब प्रतिभाओं को मंच मिलता है, तो वे स्वयं के साथ-साथ समाज और राष्ट्र का भी गौरव बढ़ाती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और सामाजिक दायित्वों का निर्वहन भी उतना ही आवश्यक है।

समारोह में सम्मानित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में विशेष उत्साह दिखाई दिया।

अध्यक्ष जगदीश मित्तल ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि प्रतिभाओं का सम्मान केवल उपलब्धियों का अभिनंदन नहीं, बल्कि उज्ज्वल भविष्य में निवेश है। मंच का संचालन डॉ संजय बंसल ने किया।

कार्यक्रम में समिति के उपाध्यक्ष संजय बंसल, महामंत्री बृजेश बंसल, कोषाध्यक्ष राकेश गोयन, समन्वयक राजेश बंसल, संदीप मित्तल, अंकित बंसल, संयोजक राजीव मंगल, रविकांत सिंघल, सौरभ गर्ग अंकित जिंदल आदि उपस्थित रहे।