श्री राम चंद्र मिशन एवं हार्टफुलनेस संस्थान द्वारा दो दिवसीय ध्यान एवं सत्संग कार्यक्रम संपन्न

Spread the love

 

 

श्री राम चंद्र मिशन एवं हार्टफुलनेस संस्थान द्वारा दो दिवसीय ध्यान एवं सत्संग कार्यक्रम संपन्न

आगरा। विश्व स्तर पर आध्यात्मिक जागरण, मानवीय मूल्यों एवं आंतरिक शांति का संदेश प्रसारित करने वाली वैश्विक संस्था श्री राम चंद्र मिशन एवं हार्टफुलनेस संस्थान द्वारा परम पूज्य बाबूजी महाराज के 127वें पावन जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आगरा आश्रम, अकबरा रोड, अरतौनी, आगरा-दिल्ली हाईवे पर दो दिवसीय सामूहिक ध्यान एवं सत्संग कार्यक्रम अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा के वातावरण में संपन्न हुआ।

यह आयोजन श्री राम चंद्र मिशन के अध्यक्ष एवं हार्टफुलनेस संस्थान के वैश्विक मार्गदर्शक ✨ पद्म भूषण कमलेश डी. पटेल (दाजी) ✨ के पावन सानिध्य एवं प्रेरणा से आयोजित किया गया।

उल्लेखनीय है कि श्री राम चंद्र मिशन की स्थापना परम पूज्य बाबूजी महाराज द्वारा मानव जीवन में आत्मिक संतुलन, आंतरिक शांति एवं आध्यात्मिक उन्नति के उद्देश्य से की गई थी। आज हार्टफुलनेस संस्थान विश्व के अनेक देशों में ध्यान, योग, चरित्र निर्माण, मानवीय मूल्यों एवं जीवन प्रबंधन के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। संस्था की प्रमुख शाखा कन्हा शांतिवनम, हैदराबाद विश्व के सबसे बड़े ध्यान केंद्रों में से एक मानी जाती है, जहाँ लाखों साधक नियमित रूप से ध्यान एवं योग साधना से जुड़ रहे हैं।

कार्यक्रम के अंतर्गत 07 मई 2026, गुरुवार को सायं 6:00 बजे से 7:00 बजे तक सामूहिक ध्यान सत्र आयोजित किया गया, जबकि 08 मई को प्रातः 7:30 बजे से 8:15 बजे तक सत्संग एवं ध्यान कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस दौरान उपस्थित साधकों एवं श्रद्धालुओं ने ध्यान के माध्यम से आत्मिक शांति, मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक ऊर्जा का दिव्य अनुभव प्राप्त किया।

कार्यक्रम में आश्रम प्रबंधन एवं ध्यान योग टीम से रमेश वर्मा, डॉ. राम नरेश शर्मा, नरेंद्र भारद्वाज, प्रमोद सारस्वत, विजय गोयल, ऋषि तोमर, बीर पाल, डॉ. राजवीर सिंह, कैलाश सिंह, संजीव कुमार, शरद जैन, अनिल सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

पूज्य गुरुदेव दा जी अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान तनावपूर्ण एवं भौतिकवादी जीवनशैली में हार्टफुलनेस ध्यान पद्धति मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन एवं आध्यात्मिक जागरण का प्रभावी माध्यम बन रही है। संस्था द्वारा विश्वभर में निःशुल्क ध्यान प्रशिक्षण, योग, युवा मार्गदर्शन एवं सामाजिक चेतना के कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिससे लाखों लोग लाभान्वित हो रहे हैं।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित श्रद्धालुओं से नियमित ध्यान एवं आध्यात्मिक जीवनशैली अपनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का आह्वान किया गया।