वृंदावन में आयोजित व्यापारी समागम में राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू लाल गुप्ता एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ वरिष्ठ उपाध्यक्ष टी एन अग्रवाल।

Spread the love

 

वृंदावन में गूंजी व्यापारियों की आवाज, राष्ट्रीय समागम में उठे बड़े मुद्दे

व्यापारियों की समस्याओं पर राष्ट्रीय स्तर पर मंथन, कई अहम प्रस्ताव पारित

आगरा। वृंदावन स्थित माँ ज्वाला धाम श्री कृष्ण आश्रम में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल द्वारा आयोजित दो दिवसीय व्यापारी समागम में देशभर से आए व्यापारिक प्रतिनिधियों ने व्यापार जगत से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीर मंथन किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू लाल गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा, महामंत्री राजेंद्र गुप्ता, दिलीप सेठ एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष टी एन अग्रवाल सहित विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री और व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

बैठक में पूरे देश में व्यापारिक नीतियों की समानता सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू लाल गुप्ता ने बताया कि मंडी शुल्क की धारा पूरे देश में एक समान लागू किए जाने की मांग को लेकर 17 मई को केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ विदिशा में होने वाली बैठक में गंभीर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाकर समाधान की दिशा में ठोस प्रयास किए जाएंगे।

वरिष्ठ उपाध्यक्ष टी एन अग्रवाल ने उत्तर प्रदेश के व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से रखते हुए कहा कि ट्रेड लाइसेंस शुल्क को प्रदेश से स्थायी रूप से समाप्त किया जाना चाहिए। साथ ही रिहायशी भवनों में संचालित छोटे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए नियमों में व्यवहारिक संशोधन किया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर व्यापारियों के हित में सकारात्मक निर्णय कराया जाए।

देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रतिनिधियों ने व्यापारियों के लिए आयुष्मान योजना का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि जब पश्चिम बंगाल और गुजरात जैसे राज्यों में व्यापारियों के आयुष्मान कार्ड बन रहे हैं, तो उत्तर प्रदेश में भी इसे तत्काल लागू किया जाना चाहिए। प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि प्रदेश और केंद्र सरकार व्यापारियों की समस्याओं और अधिकारों की अनदेखी करती रही तो व्यापारी वर्ग आगामी चुनावों में वैकल्पिक राजनीतिक समर्थन पर विचार करने को बाध्य होगा।

सर्राफा कमेटी के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने सर्राफा व्यापार की मौजूदा चुनौतियों पर चिंता जताते हुए कहा कि यदि सर्राफा व्यवसाय को लेकर सरकार ने समय रहते ठोस नीति नहीं बनाई, तो हजारों व्यापारी आर्थिक संकट में आ जाएंगे।

व्यापारियों ने बढ़ती ऑनलाइन खरीदारी और बदलते बाजार ढांचे से छोटे दुकानदारों के लिए चिंता व्यक्त की। कहा कि व्यापारी अन्य राज्यों में पलायन के लिए मजबूर हो रहे हैं।

बैठक में सर्वसम्मति से मांग उठी कि महान दानवीर भामाशाह की जयंती 28 जून को सरकारी स्तर पर “भामाशाह दिवस” घोषित कर मनाई जाए, जिससे व्यापारिक समाज के गौरवशाली योगदान को सम्मान मिल सके।

समारोह के दौरान उपाध्यक्ष संदीप गुप्ता, मंत्री राजेश अग्रवाल, संगठन मंत्री कन्हैयालाल राठौड़ तथा आगरा व्यापार मंडल के महामंत्री अशोक मंगवानी ने राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व का स्वागत, सम्मान और अभिनंदन किया।