सेवा संकल्प के साथ अमृतम शाखा ने बढ़ाए शीतल जल सेवा के कदम

आगरा। भीषण गर्मी में राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से भारत विकास परिषद अमृतम शाखा द्वारा गुरुवार को दो नए निशुल्क शीतल मिनरल वाटर प्याऊ का शुभारंभ किया गया। पहला प्याऊ मुगल रोड, कमला नगर स्थित कैला देवी सदन के पास तथा दूसरा छिली ईंट घटिया क्षेत्र की सब्जी मंडी में स्थापित किया गया।
प्याऊ का शुभारंभ शाखा के संरक्षक विजय अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, ब्रज प्रांत अध्यक्ष उमेश बंसल द्वारा किया गया। शाखा अध्यक्ष कुलभूषण गुप्ता ‘राम भाई’ ने बताया कि भारत विकास परिषद अमृतम शाखा द्वारा अब शहर में कुल छह शीतल जल प्याऊ संचालित किए जा रहे हैं। इससे पूर्व ट्रांसपोर्ट नगर में दो प्याऊ तथा कालीबाड़ी मंदिर और भगवान टॉकीज पुल के नीचे शीतल जल सेवा संचालित की जा रही थी। अब दो और प्याऊ शुरू होने से अधिक संख्या में राहगीरों को गर्मी से राहत मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक सहायता पहुंचाना है। ये सभी प्याऊ पूरे गर्मी के मौसम में लोगों को शीतल जल उपलब्ध कराते रहेंगे।
कार्यक्रम संयोजक आशीष बंसल एवं श्वेता बंसल रहे। इस अवसर पर सचिव राजीव गोयल, कोषाध्यक्ष मयंक जैन, उपाध्यक्ष एवं जल सेवा प्रभारी सुधीर जैन, संजीव गुप्ता, अर्चना गुप्ता, मनोज जैन, गौरव बिंदल, संजीव गुप्ता, विमल नयन फतेहपुरिया आदि उपस्थित रहे।


