पंखुड़ी ग्रुप ने हर्षोल्लास से मनाया हरियाली तीज महोत्सव, संजोली बनीं तीज क्वीन

आगरा। पंखुड़ी ग्रुप की ओर से रविवार, 16 अगस्त को नलकूप कॉलोनी के पास स्थित विक्रम पैलेस में हरियाली तीज महोत्सव के पांचवें सत्र का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न ब्लॉकों से सैकड़ों महिला शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में महिला शिक्षिकाएं हरे रंग के परिधानों और पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचीं। सोलह श्रृंगार से सजी महिलाओं ने मल्हार, कजरी और तीज के पारंपरिक गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया। झूले, गीत-संगीत और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों के बीच महिलाओं ने तीज पर्व का जमकर आनंद लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती रीना सिंह, अखिल भारतीय मातृशक्ति प्रमुख किरा भारती तथा पूर्व भारतीय कॉर्फबॉल टीम कप्तान ने सहभागिता की। अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। उन्होंने महिला शिक्षिकाओं को पटका पहनाकर सम्मानित किया।
महोत्सव में संजोली को वर्ष 2026 की तीज क्वीन चुना गया। तीज क्वीन प्रतियोगिता में उन्होंने भारतीय संस्कृति, नारी गरिमा और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ शिक्षिका एवं पंखुड़ी परिवार की मार्गदर्शक श्रीमती अनुराधा गर्ग ने की। उन्होंने आयोजन में शामिल सभी शिक्षक साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को अपनी संस्कृति और लोक परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ आपसी स्नेह और एकता को भी मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम की युवा सहसंयोजक प्रीति सिंह, सपना सिंह, नेहा राठौर और संगीता ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं रीनू वर्मा, संध्या सिंह, पुष्पा अहिरवार, पुष्पा सिंह, कुसुम, निशू, लता, मोनिका, माधुरी, विभोष, मनोरमा सहित बड़ी संख्या में महिला शिक्षिकाओं ने सहभागिता की और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
आयोजकों की ओर से सभी प्रतिभागियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी महिला साथियों के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था भी की गई।
पंखुड़ी ग्रुप के इस आयोजन में हरियाली तीज के माध्यम से भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं, महिला एकता और नारी शक्ति का संदेश दिया गया। आयोजन में महिलाओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर तीज पर्व की खुशियों को साझा किया।


