आगरा कॉलेज में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह

Spread the love

 

*आगरा कॉलेज में गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह*

*पद्मश्री डॉ. डी. के. हाजरा ने किया ध्वजारोहण, आगरा कॉलेज को विश्वविद्यालय का दर्जा दिए जाने की वकालत*

आगरा, 15 अगस्त 2026। आगरा कॉलेज, आगरा में आज देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। समारोह की अध्यक्षता आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने की तथा कार्यक्रम का संचालन हिंदी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. प्रो. सुनीता घोष ने किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आगरा के प्रसिद्ध चिकित्सक एवं पद्मश्री सम्मानित डॉ. डी. के. हाजरा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के सदस्य प्रो. विपिन कुमार सिंह उपस्थित रहे।

स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ आगरा कॉलेज परिसर में पद्मश्री डॉ. डी. के. हाजरा एवं प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम द्वारा संयुक्त रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया गया। ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ। आगरा कॉलेज की NCC की Boys एवं Girls कैडेट्स तथा एयर विंग द्वारा अनुशासित एवं प्रभावशाली ढंग से राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई।

इसके पश्चात कॉलेज के गंगाधर शास्त्री भवन में मुख्य समारोह आयोजित किया गया। छात्र-छात्राओं ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, नृत्य, गीत एवं भाषण प्रस्तुत किए। संगीत विभाग, NCC कैडेट्स तथा NSS के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने समारोह में देशभक्ति और उत्साह का वातावरण बना दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए पद्मश्री डॉ. डी. के. हाजरा ने आगरा कॉलेज की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह संस्थान आज भी उत्तर प्रदेश के अग्रणी शिक्षण संस्थानों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि आगरा कॉलेज में परंपरागत मूल्यों के साथ आधुनिक शिक्षा का समन्वय देखने को मिलता है। उन्होंने आगरा कॉलेज की ऐतिहासिक, शैक्षणिक एवं सामाजिक भूमिका को रेखांकित करते हुए आगरा कॉलेज को विश्वविद्यालय का दर्जा दिए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस संस्थान में विश्वविद्यालय के रूप में विकसित होने की पर्याप्त क्षमता एवं संभावनाएं मौजूद हैं।

प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में स्वतंत्रता दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि हमें अपने अधिकारों से पहले अपने कर्तव्यों का पालन करने की भावना विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लगभग दो शताब्दियों की गौरवशाली यात्रा के बावजूद आगरा कॉलेज ने अपनी प्रासंगिकता और शैक्षणिक गरिमा को निरंतर बनाए रखा है। संस्थान की विशेषता इसकी परंपरा और आधुनिकता के संतुलित समन्वय में निहित है।

प्राचार्य ने बताया कि आगरा कॉलेज को वर्तमान समय की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक एवं डिजिटल स्वरूप प्रदान करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। प्रवेश प्रक्रिया के आधुनिकीकरण, डिजिटल माध्यमों के विस्तार तथा शैक्षणिक व्यवस्थाओं को तकनीक आधारित बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को नवाचार एवं नवीन शिक्षण पद्धतियों को अपनाने के लिए निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उनके ज्ञान, व्यक्तित्व एवं चरित्र का निर्माण करना भी है।

प्राचार्य ने यह भी अवगत कराया कि गंगाधर शास्त्री भवन के पुनर्निर्माण का कार्य प्रगति पर है और इसे शीघ्र पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कॉलेज की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित रखते हुए उसे आधुनिक शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए और समारोह का समापन हुआ।

समारोह में आगरा कॉलेज के उप प्राचार्य प्रो. पी. बी. झा, डॉ. एस. के. पांडे, डॉ. भूपेंद्र कुमार चिकारा, प्रो. गौरव कौशिक, प्रो. रीता निगम, प्रो. अमित अग्रवाल, डॉ. नितेश शर्मा, डॉ. पूनम चंद, डॉ. मृणाल शर्मा, डॉ. चंद्रवीर सिंह, एस. एस. खिरवार, डॉ. विजय कुमार सिंह, प्रो. आर. के. श्रीवास्तव, प्रो. दीपा रावत, प्रो. संजीव शर्मा, प्रो. रिजु निगम, डॉ. वरुण वशिष्ठ, डॉ. आनंद प्रताप सिंह, प्रो. विश्वंत गुप्ता, प्रो. अनुराग पालीवाल, डॉ. पी. के. दीक्षित, डॉ. विक्रम सिंह, डॉ. अरविंद गुप्ता, प्रो. उमेश शुक्ला, डॉ. संध्या यादव, प्रो. सुनीता गुप्ता, प्रो. सुनीता यादव, प्रो. के. पी. तिवारी, डॉ. अमरेश बाबू यादव, डॉ. शिववीर सिंह यादव, डॉ. कृष्णवीर सिंह यादव, प्रो. दुर्गा चरण मिश्रा, प्रो. एम. एम. खान, प्रो. ए. के. सिंह, डॉ. प्रो. चंद्रशेखर शर्मा, प्रो. विवेक भटनागर, प्रो. मंजू शर्मा, फिरोज अंसारी, डॉ. अविनाश जैन, डॉ. रंजीत सिंह, कार्यालय अधीक्षक बृजेश हरित, राजीव सिंह सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी, NCC एवं NSS कैडेट्स तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।