हर घर तिरंगा अभियान के तहत सांसद नवीन जैन ने फहराया तिरंगा, राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का लिया संकल्प

Spread the love

*हर घर तिरंगा अभियान के तहत सांसद नवीन जैन ने फहराया तिरंगा, राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का लिया संकल्प

आगरा।देश की आजादी के अमृत पर्व, तिरंगे के सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से देशभर में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान पर आयोजित इस अभियान के अंतर्गत राज्यसभा सांसद श्री नवीन जैन ने आगरा के कमला नगर स्थित अपने आवास पर तिरंगा फहराया और देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर वीरों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

 

इस अवसर पर सांसद नवीन जैन ने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह केवल तीन रंगों से बना ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता, शौर्य और करोड़ों देशवासियों के गौरव का प्रतीक है। तिरंगे के प्रत्येक रंग और उसमें अंकित अशोक चक्र देश के गौरवशाली इतिहास, त्याग, साहस, शांति और निरंतर प्रगति की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमें असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान के बाद प्राप्त हुई है। स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों और अमर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि हम राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करें तथा देश को विकास के नए शिखर पर ले जाने में अपनी भूमिका निभाएं।

 

सांसद नवीन जैन ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक भारतीय के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करने का अभियान है। तिरंगा हमें यह संदेश देता है कि हम सभी अलग-अलग क्षेत्रों, भाषाओं और विचारों से जुड़े होने के बावजूद एक राष्ट्र के रूप में एकजुट हैं।

 

उन्होंने आगरा सहित देशभर के नागरिकों से अपील की कि वे हर घर तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता करें और अपने घरों, प्रतिष्ठानों तथा आसपास के क्षेत्रों में तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय गौरव की इस भावना को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि युवा पीढ़ी को देश के स्वतंत्रता संग्राम, स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और राष्ट्रीय ध्वज के महत्व से परिचित कराया जाए, ताकि राष्ट्रभक्ति की भावना आने वाली पीढ़ियों में भी निरंतर मजबूत होती रहे।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत आज आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्र प्रथम की भावना को अपने जीवन में अपनाते हुए देश की प्रगति में अपना योगदान दे। जब देश का प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी और निष्ठा के साथ करेगा, तभी विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकेगा।

 

सांसद नवीन जैन ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तिरंगा हम सभी को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों की याद दिलाता है। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लेने का आह्वान किया।

 

उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी शान है, तिरंगा भारत की पहचान है। प्रत्येक भारतीय के हृदय में तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना सदैव बनी रहनी चाहिए।