*नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की असली ताकत, युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी होगी : सांसद नवीन जैन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन के अवसर पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत (MY Bharat), आगरा द्वारा रविवार को आगरा कॉलेज के सभागार में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत–संकल्प अभियान’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नवीन जैन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने सभागार में उपस्थित सभी लोगों को सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने उपस्थित जनों से संकल्प कराया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों, भाई-बंधुओं और संपर्क में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित और जागरूक करेंगे। सभागार में मौजूद सभी लोगों ने किसी भी रूप में और किसी भी उद्देश्य से नशे का सेवन न करने, नशामुक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान देने, सदैव राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने तथा जीवन में स्वस्थ और सकारात्मक ऊर्जा को अपनाने का संकल्प लिया। साथ ही, “जागरूक भारत, सशक्त भारत, नशामुक्त भारत” के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने का प्रण लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद नवीन जैन ने कहा कि देश की युवा शक्ति भारत की सबसे बड़ी ताकत है। आज का युवा केवल अपने भविष्य का निर्माता नहीं, बल्कि देश के भविष्य को दिशा देने वाला महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखना और उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन पर भी गंभीर प्रभाव डालता है। ऐसे में नशे के विरुद्ध जनजागरण को व्यापक सामाजिक आंदोलन का स्वरूप देना आवश्यक है।
सांसद नवीन जैन ने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने मित्रों, परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि जब युवा अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, कौशल, रोजगार और समाजसेवा जैसे सकारात्मक क्षेत्रों में लगाएंगे, तभी एक मजबूत और सशक्त भारत की नींव तैयार होगी।

सांसद नवीन जैन ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में एक और नशा है, जो पूरी दुनिया में तेजी से फैल रहा है और वह है मोबाइल और स्क्रीन का नशा। उन्होंने कहा कि आज हर व्यक्ति को इस ओर जागरूक होने की आवश्यकता है। युवाओं को अपने मन में यह संकल्प लेना चाहिए कि वे मोबाइल का उपयोग केवल आवश्यकता के अनुसार करेंगे। जितना जरूरी काम हो, उतने ही समय मोबाइल का इस्तेमाल करें और अनावश्यक रूप से मोबाइल व स्क्रीन पर अधिक समय न बिताएं। उन्होंने कहा कि मोबाइल हमारी सुविधा के लिए है, इसलिए हमें उसका उतना ही उपयोग करना चाहिए जितना आवश्यक हो। अपनी ऊर्जा और समय को मोबाइल पर व्यर्थ करने के बजाय शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों, सामाजिक कार्यों और राष्ट्र निर्माण में लगाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में युवाओं को केवल योजनाओं के लाभार्थी के रूप में नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी दिशा में ‘मेरा युवा भारत’ युवाओं को नेतृत्व, स्वयंसेवा, अनुभवात्मक सीख, सामाजिक सहभागिता और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी क्षमता को पहचानने तथा राष्ट्र निर्माण से जुड़ने के अवसर प्रदान कर रहा है। मेरा युवा भारत का उद्देश्य युवाओं को विकास की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए सक्षम बनाना और उन्हें विकसित भारत के निर्माण से जोड़ना है।
सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने युवाओं की शक्ति को विकसित भारत के संकल्प का महत्वपूर्ण आधार माना है। ‘मेरा युवा भारत’ के माध्यम से युवाओं को समुदाय से जुड़ने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने, स्वयंसेवा और अनुभव के माध्यम से सीखने तथा सामाजिक कार्यों में योगदान देने के अवसर मिल रहे हैं। इससे युवा अपनी प्रतिभा और ऊर्जा को राष्ट्रहित के कार्यों में लगाकर ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प में सहभागी बन सकते हैं।
उन्होंने कहा कि नशामुक्त भारत का निर्माण भी इसी युवा शक्ति की सक्रिय भागीदारी से संभव है। नशे के खिलाफ लड़ाई केवल किसी एक संस्था या सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें युवाओं, शिक्षण संस्थानों, परिवारों और समाज की सामूहिक भूमिका आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से नशे के विरुद्ध जनजागरण का संकल्प लेने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सांसद नवीन जैन ने प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिताओं में भाग लेना युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने सभी युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार सहगल, मेरा युवा भारत के आगरा महानगर समन्वयक प्रवीण कन्नौजिया दिवाकर, जिला समन्वयक ज्योति जादौन, मेरा युवा भारत के सदस्य आनंद प्रताप सिंह तथा भाजपा युवा मोर्चा के महानगर उपाध्यक्ष अनुग्रह अवस्थी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


