उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मिला कमला नगर व्यापार संगठन, व्यवसाय को वैध करने की उठाई मांग

Spread the love

 

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मिला कमला नगर व्यापार संगठन, व्यवसाय को वैध करने की उठाई मांग

 

कमला नगर व्यापार संगठन ने आवासीय क्षेत्रों में चल रही व्यवसायिक गतिविधियों को लेकर ज्ञापन सौंपा और व्यापारियों की समस्याओं से कराया अवगत

आगरा। कमला नगर व्यापार संगठन ने आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल के नेतृत्व में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से उनके आगरा आगमन के दौरान सर्किट हाउस में भेंट की। इस दौरान कमला नगर व्यापार संगठन के अध्यक्ष एवं मनोनीत पार्षद अमित अग्रवाल पारुल ने उन्हें आवासीय भूखंडों पर संचालित व्यवसायिक गतिविधियों के संबंध में विस्तृत ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, मेयर हेमलता दिवाकर एवं भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता भी मौजूद रहे।

ज्ञापन में बताया गया कि लगभग 45-50 वर्ष पूर्व आवास विकास परिषद द्वारा कमला नगर योजना विकसित की गई थी, लेकिन बढ़ती आबादी और मांग के अनुरूप बाजारों का निर्माण नहीं किया गया। इसके चलते स्थानीय निवासियों ने अपनी जरूरतों और रोजगार के लिए अपने आवासीय भूखंडों पर ही छोटे-छोटे व्यवसाय शुरू कर दिए, जिससे क्षेत्रवासियों को दूध, पानी, किराना एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं सहज रूप से उपलब्ध हो सकीं।

अमित अग्रवाल पारुल ने कहा कि इन गतिविधियों की जानकारी संबंधित अधिकारियों को भी थी, लेकिन उस समय कोई रोक-टोक नहीं की गई। वर्तमान में इन पर कार्रवाई की आशंका से आम व्यापारियों में चिंता और आक्रोश है। उन्होंने यह भी बताया कि ताजमहल के कारण नए उद्योगों पर प्रतिबंध होने से आगरा में रोजगार के अवसर सीमित हैं, ऐसे में छोटे व्यवसाय ही लोगों के जीवनयापन का मुख्य आधार हैं।

अमित अग्रवाल पारुल ने व्यापारियों की ओर से उपमुख्यमंत्री से मांग की कि आवासीय भूखंडों पर संचालित व्यवसायों को शुल्क लेकर नियमित किया जाए तथा कंपाउंडिंग प्रक्रिया को सरल बनाया जाए।

ज्ञापन में यह भी सुझाव दिया गया कि प्रदेश सरकार द्वारा लागू नई भवन उपविधि का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और क्षेत्रवार आकलन कर ऐसे नियम बनाए जाएं जो आम जनता के हित में हों।

इस अवसर पर कमला नगर व्यापार संगठन के महामंत्री पुनीत मदान, उपाध्यक्ष गवेंद्र शर्मा, कोषाध्यक्ष उमेश अरोड़ा, विनय गुप्ता, नितिन मित्तल आदि उपस्थित रहे।