मेहनत का दम, स्कूल के सिकंदर हम
श्री नारायण वाला शिक्षा सहायता समिति ने दस मेधावी छात्राओं को प्रदान की प्रोत्साहन राशि, प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प

आगरा। दिल्ली गेट स्थित क्वीन विक्टोरिया गर्ल्स इंटर कॉलेज में श्री नारायण वाला शिक्षा सहायता समिति द्वारा हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की दस मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं की मेहनत और शैक्षिक उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में विद्यालय की मेधावी छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट शैक्षिक उपलब्धियों के लिए प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। इस अवसर पर छात्राओं के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास नजर आया। विद्यालय परिवार ने समिति के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रोत्साहन विद्यार्थियों में आगे बढ़ने का उत्साह पैदा करते हैं।
इंटरमीडिएट कक्षा की मेधावी छात्राओं में वंशिका कुशवाह, शबा खान, तमन्ना शर्मा, तनु सोडवानी एवं वंशिका अगोनिया को प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
वहीं हाईस्कूल की मेधावी छात्राओं में खुशी बंसल, रिया शर्मा, खुशी जैन, अनन्या सिकरवार एवं आयुषी को सम्मानित किया गया।
समिति के संस्थापक विजय अग्रवाल ने कहा कि श्री नारायण वाला शिक्षा सहायता समिति द्वारा हर वर्ष मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से सहयोग मिलने के साथ-साथ सम्मान और प्रोत्साहन विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाता है। बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए हर स्तर पर प्रोत्साहन मिलना चाहिए।

मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि समिति का उद्देश्य केवल पुरस्कार देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को यह विश्वास दिलाना है कि उनकी मेहनत को समाज पहचानता और सम्मान देता है। उन्होंने छात्राओं से इसी तरह मेहनत करते हुए अपने विद्यालय, परिवार और शहर का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य जॉयस साइलस ने श्री नारायण वाला शिक्षा सहायता समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छात्राओं को इस प्रकार प्रोत्साहित करना शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय पहल है। इससे विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की स्वस्थ भावना विकसित होती है और वे अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए और अधिक मेहनत करती हैं।
कार्यक्रम का मंच संचालन श्वेता जेम्स ने किया। इस अवसर पर शिक्षिकाएं परविंदर कौर, रोनिका लाल, कृतिका लाल, प्रतिभा मैसी, सुजाता एडवर्ड, वंदना मैसी आदि उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की व्यवस्थाएं दिलीप कुमार ने संभाली।


