आचार्य श्री सौभाग्य सागर जी ससंघ के सानिध्य में 51 परिवारों ने चढ़ाए निर्वाण लाडू, गूंजे भगवान पार्श्वनाथ के जयकारे

Spread the love

जयपुर हाउस जैन मंदिर में आचार्य श्री सौभाग्य सागर जी ससंघ के सानिध्य में 51 परिवारों ने चढ़ाए निर्वाण लाडू, गूंजे भगवान पार्श्वनाथ के जयकारे

 

आगरा। श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, जयपुर हाउस में 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ के मोक्ष कल्याणक महोत्सव को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। आचार्य श्री सौभाग्य सागर जी महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।महोत्सव के दौरान भगवान पार्श्वनाथ के निर्वाण कल्याणक के उपलक्ष्य में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से निर्वाण लाडू समर्पित किए।श्रीजी की प्रथम स्वर्ण शांति धारा की बोली लेने का सौभाग्य महावीर प्रसाद जैन एवं दिव्यांश जैन परिवार को प्राप्त हुआ।वहीं द्वितीय शांतिधारा का सौभाग्य जिनवाणी चैनल परिवार एवं विजय-पलास जैन परिवार को मिला। 23 किलो का मुख्य निर्वाण लाडू चढ़ाने का पुण्य लाभ अजय कुमार एवं अर्पित बैनाडा परिवार को प्राप्त हुआ| इसके साथ ही 51 अन्य परिवारों ने भी भगवान पार्श्वनाथ के महा निर्वाण के उपलक्ष्य में निर्वाण लाडू समर्पित किए।

निर्वाण लाडू समर्पण के दौरान मंदिर परिसर भगवान पार्श्वनाथ के जयकारों से गूंज उठा। भक्तिमय वातावरण में श्रद्धालुओं ने भगवान के चरणों में श्रद्धा अर्पित करते हुए सुख, शांति एवं मोक्षमार्ग की कामना की।वहीं शुक्ल पक्ष के अंतर्गत चल रहे 16 दिवसीय श्री शांतिनाथ शांति विधान के सातवें दिन का विधान भी विधि-विधान और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरा वातावरण धार्मिक एवं भक्तिमय बना रहा।इस अवसर पर श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर समिति के पदाधिकारी, सदस्य, समग्र जयपुर हाउस जैन समाज सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।