“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत छात्राओं ने किया वृक्षारोपण, 50 पौधों का वितरण

Spread the love

 

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत छात्राओं ने किया वृक्षारोपण, 50 पौधों का वितरण

 

आगरा के गणेश राम नागर सरस्वती बालिका विद्यालय में “एक पेड़ माँ के नाम” थीम पर प्रेरणादायक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रबंधिका डॉ. बीना शर्मा और प्रधानाचार्या श्रीमती चारू पटेल की गरिमामयी उपस्थिति रही।

 

इस अवसर पर कक्षा 6 और 7 की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्राओं के बीच लगभग 50 पौधों का वितरण किया गया, ताकि उनमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।

 

डॉ. बीना शर्मा ने अपने संबोधन में माँ और वृक्ष के गहरे संबंध को भावपूर्ण शब्दों में समझाते हुए कहा कि जिस प्रकार माँ हमें जीवन देती हैं, उसी प्रकार वृक्ष हमारे जीवन को सुरक्षित और समृद्ध बनाते हैं। उन्होंने छात्राओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।

 

वहीं, प्रधानाचार्या श्रीमती चारू पटेल ने छात्राओं को वृक्षारोपण पर रचनात्मक प्रोजेक्ट तैयार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्राएँ पौधे के संपूर्ण जीवन चक्र पर आधारित प्रोजेक्ट तैयार कर विद्यालय में प्रस्तुत करें।

 

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को यह भी बताया गया कि जिस तरह एक छोटे बच्चे की देखभाल की जाती है, उसी प्रकार लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करना भी हमारी जिम्मेदारी है।

 

छात्राओं की सक्रिय सहभागिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह वृक्षारोपण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और पर्यावरण संरक्षण का मजबूत संदेश दिया गया।