भक्ति, शक्ति और समर्पण के संदेश के साथ शिव महापुराण कथा महोत्सव संपन्न
पूर्णाहुति, हवन और भंडारे में उमड़ी श्रद्धा, शिवभक्ति में सराबोर रहे श्रद्धालु

आगरा। महाराजा अग्रसेन भवन, लोहा मंडी में शिव परिवार संस्था द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा महोत्सव का शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और वैदिक अनुष्ठानों के साथ भव्य समापन हुआ। कथा के अंतिम दिवस देवी चरित्र एवं हनुमान चरित्र प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा विश्राम उपरांत पूर्णाहुति, हवन, ब्रह्मभोज एवं विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्म लाभ अर्जित किया।
मुख्य यजमान छोटेलाल बंसल एवं कांता बंसल ने विधिवत व्यास पूजन कर कथा व्यास एवं आचार्यों का आशीर्वाद प्राप्त किया। वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच हवन में पूर्णाहुति दी गई। कथा स्थल पर पूरे दिन भक्तिमय वातावरण बना रहा।
कथा व्यास मृदुल कांत शास्त्री ने देवी चरित्र का वर्णन करते हुए कहा कि आदिशक्ति जगत की आधारशक्ति हैं। माता का स्वरूप करुणा, शक्ति, संरक्षण और धर्म की रक्षा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जब-जब संसार में अधर्म बढ़ता है, तब शक्ति विभिन्न स्वरूपों में प्रकट होकर धर्म की स्थापना करती हैं। देवी चरित्र मनुष्य को साहस, आत्मबल और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
हनुमान चरित्र प्रसंग का वर्णन करते हुए मृदुल कांत शास्त्री ने कहा कि श्री हनुमानजी भक्ति, सेवा, समर्पण और शक्ति के सर्वोच्च प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि हनुमानजी का जीवन यह सिखाता है कि सच्चा भक्त वही है, जो अपने आराध्य के प्रति पूर्ण निष्ठा और विनम्रता रखे। भगवान शिव के अंशावतार श्री हनुमानजी का स्मरण मनुष्य के भय, संकट और नकारात्मकता को दूर करता है।

कथा व्यास ने कहा कि सात दिनों तक चली श्री शिव महापुराण कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को संस्कार, भक्ति, परिवार और सनातन मूल्यों से जोड़ने का माध्यम बनी। कथा के दौरान शिव विवाह, रुद्राभिषेक, गोपाल सहस्त्रनाम, गणेश उत्सव, द्वादश ज्योतिर्लिंग महिमा सहित अनेक धार्मिक उत्सवों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद से भर दिया। उन्होंने कहा कि जो भी कथा की सामग्री आदि शेष रह जाती है वह शिव के मंदिर में पहुंच देनी चाहिए क्योंकि वह रुद्र का भाग होती है उसका प्रयोग स्वयं के इस्तेमाल में नहीं करना चाहिए।
सदस्य मनोज सिंघल ने देवी भजन की प्रस्तुति दी।
शिव परिवार संस्था के सदस्य अखिल मोहन मित्तल ने बताया कि कथा महोत्सव में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर धर्म लाभ अर्जित किया। उन्होंने सभी भक्तों, सहयोगियों और व्यवस्थापकों का आभार व्यक्त किया।
समापन अवसर पर सलिल गोयल, सुनील गोयल, आशीष अग्रवाल, दीपांशु अग्रवाल, अश्विनी बंसल, आकाश अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, अनुरंजन सिंघल, वीरेंद्र सिंघल, निखिल गर्ग, महेश गोयल, जितेंद्र जैन, मुकेश गोयल, मनोज अग्रवाल, सरजू बंसल, छुट्टन जैन, प्रशांत मित्तल, जितेंद्र गोयल, गौरव मित्तल, अंजना अग्रवाल, सीमा सिंघल, अमीषा अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।


