आगरा कॉलेज में एनएचआरसी, नई दिल्ली के विशेष प्रतिनिधि का औचक निरीक्षण, छात्रावास व्यवस्थाओं की सराहना

Spread the love

आगरा कॉलेज में एनएचआरसी, नई दिल्ली के विशेष प्रतिनिधि का औचक निरीक्षण, छात्रावास व्यवस्थाओं की सराहना

 

आगरा। आज आगरा कॉलेज, आगरा में National Human Rights Commission, नई दिल्ली (एनएचआरसी) के उत्तर प्रदेश के विशेष प्रतिनिधि श्री उपेंद्र सिंह बघेल, आईपीएस का औचक निरीक्षण एवं भ्रमण सम्पन्न हुआ। इस दौरान उन्होंने कॉलेज के विभिन्न छात्रावासों का दौरा कर वहाँ निवासरत अंतःवासियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का विस्तृत अवलोकन किया।

 

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई महिला छात्रावास, सप्रू छात्रावास, बी.एन. हॉस्टल एवं के.डी. हॉस्टल सहित अन्य छात्रावासों का भ्रमण किया तथा वहाँ की व्यवस्थाओं को देखकर प्रसन्नता व्यक्त की।

 

अपने निरीक्षण एवं कॉलेज भ्रमण के दौरान श्री बघेल ने अपने छात्र जीवन की स्मृतियाँ साझा करते हुए बताया कि वे वर्ष 1983-84 में आगरा कॉलेज के विद्यार्थी रहे तथा सप्रू छात्रावास के कमरा संख्या 5 में निवास करते थे। उन्होंने तत्कालीन वॉर्डन डॉ. मुख्त्यार सिंह के अनुशासन एवं प्रभाव का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय विद्यार्थियों पर अनुशासन इतना प्रभावी था कि वे अध्ययन के अतिरिक्त अन्य गतिविधियों में संलिप्त नहीं होते थे। इसी अनुशासित वातावरण का परिणाम रहा कि उनका चयन प्रथम प्रयास में ही आईआईटी कानपुर में हुआ, जहाँ से आगे चलकर उनका चयन आईपीएस (कर्नाटक कैडर) में हुआ।

 

उन्होंने आगरा कॉलेज की वर्तमान उत्कृष्ट स्थिति एवं उपलब्ध सुविधाओं की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की तथा आशा जताई कि संस्थान भविष्य में भी इसी प्रकार प्रगति करता रहेगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कॉलेज द्वारा आमंत्रित किए जाने पर वे शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित करने हेतु सदैव तत्पर रहेंगे। छात्रावासों की सुविधाओं में और अधिक अभिवृद्धि हेतु उन्होंने सरकारी स्तर पर सहयोग दिलाने का आश्वासन भी प्रदान किया।

 

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. सी. के. गौतम ने श्री बघेल का महाविद्यालय में आगमन पर हार्दिक स्वागत करते हुए उनका आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।

 

निरीक्षण के दौरान कॉलेज के उप प्राचार्य डॉ. पी. बी. झा, चीफ वॉर्डन डॉ. ए. के. सिंह, प्रो. भूपेंद्र चिकारा, प्रो. कल्पना चतुर्वेदी (महिला छात्रावास गार्डन), एसोसिएट प्रोफेसर शशिकांत पांडेय, डॉ. विकास सिंह, डॉ. फिरोज अंसारी, डॉ. हेमराज सिंह चौहान तथा डॉ. दिनेश मौर्य उपस्थित रहे और उन्होंने अपने-अपने छात्रावासों की व्यवस्थाओं एवं अवस्थापनाओं की जानकारी दी।

 

प्राचार्य कार्यालय में उनके भ्रमण के दौरान उप प्राचार्य डॉ. पी. बी. झा, प्रो. मृणाल शर्मा एवं प्रो. पूनम चांद ने श्री उपेंद्र सिंह बघेल का स्वागत एवं अभिनंदन किया।