
1. टीटीजेड में सक्रिय भूमिका निभाने पर चैम्बर द्वारा जिलाधिकारी आगरा की किया गया सम्मान।
2. यूपीसीडा द्वारा रख-रखाब शुल्क लेने के उपरान्त भी जलकर के बिल उद्यमियों को प्राप्त होने पर चैम्बर ने जताया रोष।
3. बोदला बिचुपरी रोड का मास्टर प्लान स्वीकृति के उपरान्त व आरओबी के शीघ्र निर्माण करने की चैम्बर ने की मांग।
4. आगरा की सुप्रसिद्ध बेडई को ओडीओसी में शामिल करने की चैम्बर ने की मांग।
महोदय,
आज चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल के नेतृत्व में ताज संरक्षित क्षेत्र मे माननीय सर्वोच्च न्यायालय में सक्रिय पैरवी करने पर जिलाधिकारी श्री मनीष बंसल का सम्मान किया गया। अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने कहा ताज संरक्षित क्षेत्र में जिलाधिकारी, आगरा द्वारा प्रारंभ से ही माननीय सर्वोच्च न्यायालय में बहुत ही सकारात्मक प्रयास किये जा रहे थे जिसके परिणामस्वरूप माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार आगरा के उद्योगों व्यापार को नई दिशा व नई ऊर्जा प्राप्त हुई है। यह आगरा के उद्योग एवं व्यापार की बहुत बड़ी जीत है।
इसी क्रम में चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल द्वारा जिला उद्योग बंधु की बैठक में जिलाधिकारी महोदय के समक्ष उद्योग एवं व्यापार की समस्याओ के ओर ध्यान आकर्षित किया गया उन्होंने कहा कि दिनांक 28.10.2024 के शासन आदेश के आधार पर उत्तर प्रदेश के यूपीसीडा द्वारा विकसित सभी औद्योगिक क्षेत्र, रखरखाव और विकास के लिए स्थानीय नगर निगम, नगर निकाय, जिला पंचायत इत्यादि की सीमा में होते हुए भी उनसे हटाकर यूपीसीडा के अधिकार क्षेत्र में समाहित किए गए। अब अपने द्वारा विकसित सभी औद्योगिक क्षेत्र का रखरखाव, सुधरीकरण एवं साफ सफाई, पेयजल सीवर इत्यादि की व्यवस्थाएं यूपीसीडा अपने स्तर से करेगा और इस कार्य के लिए नगर निगम, जिला पंचायत इत्यादि जैसी स्थानीय संस्थाओं द्वारा गृहकर या इसी प्रकार के केाई भी अन्य कर इन क्षे़त्रों मे नहीं लिए जाएंगे, परन्तु वर्तमान में औद्योगिक क्षेत्रों में जल निगम द्वारा जलकर की मांग की जा रही है जिससे उद्यमियों एवं व्यापारियों पर दोहरा शुल्क लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बोदला बिचपुरी रोड मास्टर प्लान में 150 फुट चौडीकरण किया जाना स्वीकृत किया जा चुका है जिससे वाहन चालकों को आवागमन में सुगमता प्राप्त हो सके तथा बिचपुरी फाटक के ऊपर रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण की स्वीकृति भी सीईसी से प्राप्त हो चुकी है तथा निर्माण हेतु रेलवे द्वारा बजट भी आवंटित किया जा चुका है। वर्तमान में बोदला बिचपुरी क्षेत्र आगरा के तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में से एक है तथा यहां आवागमन निरंतर बढ़ रहा है। यहाँ औद्योगिक इकाइयाँ स्थापित हो रही है एवं आवासीय कॉलोनियाँ भी वृहद स्तर पर स्थित हैं जिससे आगरा के बिचपुरी फाटक क्षेत्र में प्रतिदिन अत्यधिक यातायात दबाव रहता है। फाटक बंद होने के दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे आम नागरिकों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों एवं व्यापारियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उक्त मार्ग पर बिचपुरी फाटक के बाद आरबीएस टैक्निकल कैम्पस हैं जहाँ प्रतिदिन सैकड़ो छात्र/छात्राएं विद्या अध्ययन करने हेतु बसों द्वारा आते हैं। अनेकों बार देखा गया है कि एम्बुलेंस एवं आवश्यक सेवाओं के वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे जनसामान्य को गंभीर परेशानी होती है। इस मार्ग पर षाहगंज एवं जयपुर के आवागमन हेतु मुख्य सड़क मार्ग है तथा यह मार्ग आगे जाकर दक्षिणी बाईपास व रायभा से भी मिलता है। चैम्बर द्वारा मांग की गयी कि जनहित एवं सुगम यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए बिचपुरी फाटक के ऊपर रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण एवं मार्ग का चौड़ीकरण का कार्य शीघ्र प्रारम्भ करवाया जाये।
पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि आगरा अपनी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं खान-पान की समृद्ध विरासत के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध है। आगरा की पारंपरिक बेडई एवं आलू की सब्जी यहां की एक विशिष्ट पहचान बन चुकी है, जिसे प्रतिदिन हजारों स्थानीय नागरिकों एवं देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों द्वारा अत्यंत पसंद किया जाता है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार की एक जनपद एक कुसीन योजना का उद्देश्य जनपदों के पारंपरिक एवं विशिष्ट उत्पादों को प्रोत्साहित कर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। आगरा की बेडई न केवल एक पारंपरिक खाद्य उत्पाद है, बल्कि इससे अनेक छोटे दुकानदारों, कुटीर उद्यमियों एवं स्थानीय परिवारों की आजीविका भी जुड़ी हुई है। यदि आगरा की बेडई को ओडीओसी योजना में सम्मिलित किया जाता है, तो इससे स्थानीय उद्यमियों को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही आगरा के फूड टूरिज्म को भी नई पहचान मिलेगी तथा रोजगार के अतिरिक्त अवसर सृजित होंगे। चैम्बर द्वारा मांग की गयी कि आगरा की प्रसिद्ध बेडई को ओडीओसी योजना में सम्मिलित किया जाये जिससे आगरा की सुप्रसिद्ध बेडई को अपनी अलग पहचान प्राप्त हो सके।
पूर्व अध्यक्ष श्री सीताराम अग्रवाल ने बताया कि बैठक में बिन्दु आया कि रामबाग से सिकन्दरा के मध्य सिटी बसें संचालित नहीं है। इस पर पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल द्वारा मौके पर ही सिटी बस के अधिकारियों से फोन पर वार्ता की गयी उन्हांेने बताया कि 1 बस खन्दौली से रूनकता, 2 बस खन्दौली से कैंट, 6 बस टेडी बगिया से सिकन्दरा सभी बसें रामबाग होकार जा रही हैं।
प्रतिनिधिमंडल में चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल, पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, अतुल कुमार गुप्ता थे


