श्री प्रेमनिधि मंदिर में अधिकमास के दसवें दिन धूमधाम से मनाई गई रामनवमी

Spread the love

 

श्री प्रेमनिधि मंदिर में अधिकमास के दसवें दिन धूमधाम से मनाई गई रामनवमी

ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी ने धारण किया श्रीराम स्वरूप, संगीतमय सुन्दरकाण्ड पाठ से भक्तिमय हुआ वातावरण

आगरा। नाई की मंडी, कटरा हाथी शाह स्थित श्री प्रेमनिधि मंदिर में चल रहे श्री पुरुषोत्तम (अधिक मास) मनोरथ महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार को ठाकुर श्री श्याम बिहारी (श्री बड़े गोविन्द) जी महाराज के समक्ष ‘रामनवमी’ का पावन उत्सव अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर ठाकुर जी ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का स्वरूप धारण कर हाथों में धनुष-बाण लेकर भक्तों को अलौकिक दर्शन दिए। मंदिर परिसर में संगीतमय सुन्दरकाण्ड पाठ एवं भजनों की मधुर प्रस्तुति ने संपूर्ण वातावरण को राममय और कृष्णमय बना दिया।

पुष्टिमार्गीय परंपरा में भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण को एक ही परब्रह्म का स्वरूप माना गया है। इसी भाव के अंतर्गत रामनवमी के अवसर पर ठाकुर जी में श्रीराम के तेज, मर्यादा और करुणा के दर्शन किए जाते हैं। अधिकमास के अंतर्गत वर्षभर के प्रमुख उत्सवों की श्रृंखला में दसवें दिन आयोजित इस विशेष मनोरथ ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद से सराबोर कर दिया।

मुख्य सेवाधारी हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि पुष्टिमार्ग में रामनवमी प्रभु की मर्यादा, धर्म और करुणा के दर्शन का पर्व है। उन्होंने कहा कि आज मंदिर में आयोजित संगीतमय सुन्दरकाण्ड पाठ, भजनों और बधाई कीर्तन ने भक्तों को भक्ति रस में डुबो दिया।

सेवा अधिकारी सुनीत गोस्वामी ने जानकारी देते हुए बताया कि ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी का विशेष रूप से भगवान श्रीराम के स्वरूप में मनोहारी श्रृंगार किया गया। प्रभु को धनुष-बाण धारण कराकर अलौकिक झांकी सजाई गई, जिसने श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित किया। इस अवसर पर पंचामृत, पंजीरी एवं विविध विशेष भोग अर्पित किए गए तथा बधाई पदों का गायन हुआ।

मंदिर प्रशासक दिनेश पचौरी ने बताया कि अधिकमास मनोरथ के दसवें दिन आयोजित रामनवमी एवं सुन्दरकाण्ड पाठ में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। विशेष रूप से शहर के गौ सेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मंदिर प्रबंधन द्वारा श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन, सुन्दरकाण्ड श्रवण एवं प्रसादी वितरण की उत्कृष्ट व्यवस्था की गई थी।

मंगलवार को आयोजित इस भव्य रामनवमी मनोरथ एवं सुन्दरकाण्ड पाठ के चरण सेवक रामनिवास गुप्ता (गौ सेवक) रहे। उन्होंने शहर के गौ सेवकों के साथ मिलकर ठाकुर जी की महाआरती उतारी, सुन्दरकाण्ड पाठ में सहभागिता की तथा प्रभु के धनुष-बाण धारी स्वरूप के दर्शन कर संत-वैष्णवों का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर प्रभु की सेवा एवं भक्ति में मुख्य रूप से लक्ष्मीनारायण भोले बाबा, दीपचंद अग्रवाल, उमेश अग्रवाल, मनोज गर्ग, राजकुमार सिंह, दीपक अग्रवाल, राम मोहन गुप्ता, राजेश अग्रवाल, सोनू गोयल, रिंकू गोयल, पुरुषोत्तम अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, अंकुर अग्रवाल, अनूप गुप्ता, नत्थी लाल, जगवीर सिंह, प्रदीप अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, विष्णु दत्त शर्मा आदि उपस्थित रहे।