डॉ. एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में वैश्विक शिक्षा समागम “बियॉन्ड बॉर्डर्स” का आयोजन, संस्थान और फ्रांस के प्रतिष्ठित संस्थान के साथ महत्वपूर्ण एमओयू (MoU)
आगरा। डॉ. एमपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, आगरा के स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम में आज एक भव्य वैश्विक शिक्षा समागम “बियॉन्ड बॉर्डर्स: द ग्लोबल एजुकेशन कॉन्फ्लुएंस” का सफल आयोजन किया गया। इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारतीय छात्रों के लिए वैश्विक शिक्षा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के क्षेत्र में असीम संभावनाओं के द्वार खोलना है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के चेयरमैन स्क्वाड्रन लीडर एके सिंह ने की। अपने संबोधन में उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग और वैश्विक दृष्टिकोण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आज के युग में छात्रों को केवल स्थानीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर की चुनौतियों और तकनीकों के लिए तैयार होना होगा।
इस समागम में मुख्य अतिथि और वक्ता के रूप में पेरिस, फ्रांस से आए एप्लाइड इंस्टीट्यूट ऑफ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के निदेशक यासिन असलिमी उपस्थित रहे। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के भविष्य और शिक्षा में इसके बढ़ते महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उनके साथ अंतरराष्ट्रीय विपणन और विकास प्रबंधक पवित्रा विश्वनाथ ने भी वैश्विक स्तर पर करियर और विकास के अवसरों के बारे में छात्रों का मार्गदर्शन किया।
इसके अलावा, मेरिडियन ओवरसीज एजुकेशन कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड, जयपुर के चीफ कम्प्लायंस मैनेजर आदित्य कुमार ने विदेशी शिक्षा की प्रक्रियाओं, नियमों और छात्रवृत्तियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।

इस कॉन्फ्लुएंस के दौरान संस्थान और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) पर भी हस्ताक्षर किए गए, जिससे आने वाले समय में आगरा के छात्रों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उच्च शिक्षा और शोध के बेहतरीन अवसर मिल सकेंगे।
डॉ एमपीएस ग्रुप आफ इंस्टीट्यूट्यूशंस आगरा के अकादमिक निदेशक डॉ विक्रांत शास्त्री ने सभी अतिथियों को धन्यवाद प्रेषित किया।
इस अवसर पर डॉ एमपीएस वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्या राखी जैन, डॉ एमपीएस ग्रुप आफ इंस्टीट्यूट्यूशंस के प्रशासनिक निदेशक डॉ अनूप कुमार गोयल सहित समस्त डीन, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



