सुभाष बाजार हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुँचे पूर्व सांसद निहाल सिंह जैन के पुत्र मनोज जैन बोहरा, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

Spread the love

सुभाष बाजार हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुँचे पूर्व सांसद निहाल सिंह जैन के पुत्र मनोज जैन बोहरा, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

आगरा।सुभाष बाजार में हुई अत्यंत दुखद एवं दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद पूर्व सांसद निहाल सिंह जैन के पुत्र मनोज जैन बोहरा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा स्थानीय व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएँ और घटनाक्रम की जानकारी ली।

 

व्यापारियों ने बताया कि लगभग एक माह पूर्व ही उन्होंने नगर निगम को भवन की जर्जर एवं खतरनाक स्थिति के संबंध में लिखित शिकायत देकर संभावित हादसे की चेतावनी दी थी। उनका आरोप है कि समय रहते कोई ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। यदि प्रशासन और नगर निगम ने गंभीरता दिखाई होती, तो इस दर्दनाक हादसे को टाला जा सकता था।

 

राहत एवं बचाव कार्य में लगी टीमों ने अब तक चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, जबकि एक महिला के अभी भी लापता होने की सूचना है। मनोज जैन बोहरा ने ईश्वर से महिला की सकुशल बरामदगी तथा सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।

 

उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में नगर निगम और महापौर को स्वयं घटनास्थल पर पहुँचकर प्रभावित परिवारों एवं व्यापारियों का हाल जानना चाहिए, हरसंभव सहायता उपलब्ध करानी चाहिए तथा इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करनी चाहिए।

 

उन्होंने सुभाष बाजार हादसे की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

 

इस दौरान प्रमुख रूप से मनोज जैन बोहरा, अनुज शिवहरे, आशीष प्रिंस, सुनील कुमार पनु, राजीव गुप्ता चौधरी, सचिन यादव, सत्येंद्र कैंम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।