आगरा से किसान क्रांति का बिगुल, हर चुनाव में उतारेगा प्रत्याशी: डॉ. भानु प्रताप सिंह
महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष बनीं गीता ठाकुर, किसानों के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई का लिया संकल्प

आगरा। भारतीय किसान यूनियन (भानू) के महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष गीता ठाकुर का पदभार ग्रहण एवं स्वागत-सम्मान समारोह वाटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में आयोजित किया गया। समारोह में संगठन के पदाधिकारियों ने गीता ठाकुर का भव्य स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण करने के बाद गीता ठाकुर ने कहा कि किसान देश का अन्नदाता है और अन्न ही ब्रह्म है, लेकिन विडंबना यह है कि आज भी किसानों को एक मजदूर से अधिक महत्व नहीं दिया जाता। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा गांव-गांव संगठन का विस्तार करेगा तथा शादी-विवाह एवं अन्य सामाजिक आयोजनों में अन्न की बर्बादी रोकने के लिए जनजागरण अभियान चलाएगा। साथ ही किसानों को उनका उचित सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष करेगा।
भारतीय किसान यूनियन (भानू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. भानु प्रताप सिंह ने आगरा से बड़ा राजनीतिक ऐलान करते हुए कहा कि किसान क्रांति दल आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों में सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगा। इसके साथ ही जिला पंचायत चुनावों में भी दल पूरी ताकत के साथ भागीदारी करेगा। उन्होंने कहा कि अब किसान संसद और विधानसभा का घेराव करने के बजाय स्वयं उनका हिस्सा बनेगा, ताकि किसानों की समस्याओं को सीधे सदनों में उठाया जा सके।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से लगातार किसान आयोग के गठन की मांग की जा रही है, जिससे किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान हो सके और उन्हें उनकी फसलों का उचित मूल्य मिल सके। उन्होंने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य का निर्धारण भी किसानों की भागीदारी से होना चाहिए। डॉ. सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से किसानों के सभी कर्ज माफ करने की मांग करते हुए कहा कि यदि बड़े उद्योगपतियों और राजनेताओं के कर्ज माफ हो सकते हैं तो देश के अन्नदाता किसानों के साथ भेदभाव क्यों किया जाए। उन्होंने कहा कि फिलहाल सरकार से निवेदन किया जा रहा है, लेकिन मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम चौहान तथा राष्ट्रीय वरिष्ठ महामंत्री एनपी सिंह ने भी किसानों के हितों की रक्षा और महिला शक्ति को संगठन से जोड़ने पर बल दिया।
इस अवसर पर निधि शर्मा, गीता भाटी, वंदना सिंह ठाकुर, दीपक सिंह, राष्ट्रीय प्रवक्ता उदयवीर सिंह यादव, महिपाल सिंह यादव, शिव सिंह, सौरभ तिवारी, देव ठाकुर, सुमित उपाध्याय, तरुण गुप्ता, गौरव शर्मा, शुभम आनंद, रोहित दिवाकर, शैलेश कठेरिया, अश्विनी शर्मा, मुरारी कुशवाहा आदि उपस्थित रहे।


