ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने देखा आगरा का फुटवियर सामर्थ्य

Spread the love

 

*ब्रिक्स देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने देखा आगरा का फुटवियर सामर्थ्य*

 

* डावर फुटवियर इंडस्ट्री पहुंचा अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल, भारतीय उद्योग की सराहना

* ब्राजील, इथियोपिया, क्यूबा व युगांडा सहित 30+ प्रतिनिधियों ने किया फैक्ट्री भ्रमण

 

आगरा। ब्रिक्स देशों के समूह में शामिल विभिन्न देशों के 30 से अधिक प्रतिनिधिमंडलों ने शनिवार को सिकंदरा स्थित डावर फुटवियर इंडस्ट्री का दौरा कर भारतीय फुटवियर उद्योग की उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता मानकों और निर्यात संभावनाओं का अवलोकन किया।

 

प्रतिनिधिमंडल का स्वागत डावर फुटवियर इंडस्ट्री एवं डीसीएफएलआई के चेयरमैन पुरन डावर एवं डावर फुटवियर इंडस्ट्री निदेशक संभव डावर द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रतिनिधियों को फैक्ट्री की आधुनिक उत्पादन प्रक्रियाओं, तकनीकी नवाचारों, गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था तथा वैश्विक बाजारों में भारतीय फुटवियर उद्योग की बढ़ती भूमिका से अवगत कराया गया।

प्रतिनिधिमंडल में भारत के साथ ब्राजील, इथियोपिया, क्यूबा और युगांडा सहित विभिन्न देशों के प्रतिनिधि शामिल रहे। फैक्ट्री भ्रमण के दौरान प्रतिनिधियों ने उत्पादन इकाइयों का निरीक्षण किया तथा भारतीय उद्यमियों की कार्यक्षमता और आधुनिक विनिर्माण प्रणाली की सराहना की।

 

इस अवसर पर एसोचैम के सेक्रेटरी जनरल सौरभ सान्याल, एमएसएमई मंत्रालय के निदेशक अंकित अग्रवाल, डॉ. आरके भारती, उप सचिव प्रमोद कुमार तथा संयुक्त निदेशक दिलाशा, सहायक विकास आयुक्त सुशिल यादव ने भारतीय एमएसएमई क्षेत्र की उपलब्धियों एवं वैश्विक सहयोग की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए।

इस मौके पर डावर फुटवियर इंडस्ट्री एवं डीसीएफएलआई के चेयरमैन पूरन डावर ने अपने सम्बोधन में कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों के दौरे से भारतीय फुटवियर उद्योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी तथा निर्यात और निवेश के नए अवसर सृजित होंगे।

 

 

इसके उपरांत डीसीएफएलआई के चेयरमैन पूरन डावर, एफमेक के अध्यक्ष गोपाल गुप्ता तथा स्क्वाड्रन लीडर ए.के. सिंह ने प्रतिनिधिमंडल में शामिल सभी सदस्यों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

 

फैक्ट्री भ्रमण के उपरांत प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में आयोजित दोपहर भोज कार्यक्रम में आपसी व्यापार, निवेश, कौशल विकास एवं औद्योगिक सहयोग को लेकर सार्थक चर्चा हुई। सभी अतिथियों ने आगरा के औद्योगिक विकास तथा भारतीय फुटवियर उद्योग की प्रगति की सराहना की।

इस मौके पर एमएसएमई डीएफओ आगरा के निदेशक वीके वर्मा, डीएफओ आगरा के अभिषेक सिंह, अवधेश सिंह, सीएलई के उप निदेशक आरके शुक्ला, एफमेक के दलजीत सिंह, ललित अरोरा, अनिरुद्ध तिवारी, ईशान सचदेवा, संजय डंग, रेणुका डंग, संजय ढल, कुलदीप सिंह गुजराल, गौतम कौल, रोमी लूथरा, हरपाल सैंतिया आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। व्यवस्थाएं डावर फुटवियर इंडस्ट्री के प्रबंधक राजीव मिश्रा, सीसीएलए के अजय शर्मा एवं ब्रजेश शर्मा ने संभालीं। कार्यक्रम का संचालन योगी चाहर ने किया ।