लखनऊ से बनारस तक, एक ही छत के नीचे मिलेगा यूपी का जायका

Spread the love

लखनऊ से बनारस तक, एक ही छत के नीचे मिलेगा यूपी का जायका

आगरा। उत्तर प्रदेश की समृद्ध खानपान परंपरा और गलियों में बसने वाले अनूठे स्वादों का उत्सव मनाने के उद्देश्य से फेयरफील्ड बाय मैरियट, आगरा द्वारा “स्वाद गलियों से” उत्तर प्रदेश स्ट्रीट फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष फूड फेस्टिवल प्रदेश के विभिन्न शहरों की प्रसिद्ध स्ट्रीट फूड संस्कृति को एक ही मंच पर प्रस्तुत करेगा।

गुरुवार को फेयरफील्ड बाय मैरियट आगरा के कॉसमॉस रेस्टोरेंट में फेस्टिवल के बारे होटल के प्रबंधक अमित कुमार मेहता, एग्जीक्यूटिव शेफ अश्विनी निगम एवं फूड एंड बेवरेज मैनेजर धनंजय सिंह ने विस्तार जानकारी दी।

 

अपने संबोधित में अमित कुमार मेहता ने कहा कि ‘स्वाद गलियों से’ फेस्टिवल का उद्देश्य उत्तर प्रदेश की समृद्ध पाक विरासत और प्रसिद्ध स्ट्रीट फूड संस्कृति को एक मंच पर प्रस्तुत करना है। इस फूड फेस्टिवल में प्रदेश के विभिन्न शहरों और क्षेत्रों के लोकप्रिय एवं पारंपरिक व्यंजनों को विशेष रूप से तैयार किया जाएगा, ताकि आगरा के भोजन प्रेमियों को उत्तर प्रदेश के विविध स्वादों का अनूठा अनुभव मिल सके।

 

हाल ही में फेयरफील्ड बाय मैरियट आगरा से जुड़े एग्जीक्यूटिव शेफ अश्विनी निगम ने बताया कि फेस्टिवल के मेन्यू को प्रदेश की पारंपरिक रेसिपीज़ और स्थानीय स्वादों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यंजन अपने क्षेत्र की विशिष्ट पहचान और पाक कला को दर्शाएगा।

 

फूड एंड बेवरेज मैनेजर धनंजय सिंह ने कहा कि फूड फेस्टिवल के दौरान मेहमानों को उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध व्यंजनों का विशेष चयन परोसा जाएगा, जिनमें दाल मोथ क्रस्टेड कटलेट, चपली कबाब, अवधी बिरयानी, सेठ गली के भल्ले, शाही टुकड़ा, अरबी और मखाने का झोल, हींग कचौड़ी, मटर का निमोना, लिट्टी चोखा, मक्कई और लहसुन का रास, पनीर बुंदेली टिक्का एवं खोपरा पाक प्रमुख आकर्षण होंगे।

 

होटल प्रबंधन ने आगरावासियों और पर्यटकों को इस विशेष फूड फेस्टिवल में शामिल होकर उत्तर प्रदेश के पारंपरिक स्वादों का आनंद लेने के लिए आमंत्रित किया है। ‘स्वाद गलियों से’ फूड फेस्टिवल प्रतिदिन सायं 7:00 बजे से 10:30 बजे तक कॉसमॉस रेस्टोरेंट, फेयरफील्ड बाय मैरियट आगरा में आयोजित किया जाएगा।