सिकन्दरा-बोदला रोड पर बड़ी चोरी, आरके मार्केटिंग शोरूम से लाखों की नकदी और सामान पार

Spread the love

सिकन्दरा-बोदला रोड पर बड़ी चोरी, आरके मार्केटिंग शोरूम से लाखों की नकदी और सामान पार

आगरा। सिकन्दरा-बोदला रोड स्थित आरके मार्केटिंग शोरूम में बीती 17-18 मई की रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए लाखों रुपये की नकदी और महंगे प्रोडक्ट चोरी कर लिए। अज्ञात बदमाश छत के रास्ते शोरूम के अंदर दाखिल हुए और ताला तोड़कर करीब 6 लाख रुपये नकद समेत विभिन्न कंपनियों के लाखों रुपये कीमत के सामान पर हाथ साफ कर गए।

 

घटना की जानकारी रविवार सुबह उस समय हुई जब शोरूम के मैनेजर विशाल गोयल रोजाना की तरह करीब 11 बजे शोरूम पहुंचे। ताला खोलते ही अंदर का सामान बिखरा पड़ा मिला और नकदी गायब थी। इसके बाद उन्होंने तुरंत शोरूम के निदेशक राहुल अग्रवाल और अन्य मालिकों को सूचना दी।

 

सूचना मिलते ही सिकन्दरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।

 

शोरूम निदेशक राहुल अग्रवाल ने बताया कि चोर बड़ी सफाई से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। नकदी के अलावा कई कंपनियों के महंगे प्रोडक्ट भी चोरी हुए हैं, जिससे कुल नुकसान लाखों रुपये में बताया जा रहा है।

 

मामले में सिकन्दरा थाने में तहरीर दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में दहशत और नाराजगी का माहौल है।