श्री मनःकामेश्वर बाबा की अगुवाई में निकली 501 कलश यात्रा, यमुना तट बना आध्यात्मिक धाम
श्री मनःकामेश्वर मंदिर मठ द्वारा पुरुषोत्तम मास में आयोजित किया गया है श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ
यमुना तट पर द्वादश ज्योतिर्लिंग, 24 अवतार और संध्या यमुना आरती से सजी आध्यात्मिक छटा
कमल दल में द्वार पर विराजे 21 फुट के श्री नाथ जी बने विशेष आकर्षण, श्री मनः कामेश्वर नाथ हैं मुख्य यजमान

आगरा। यमुना किनारा रोड, ताज व्यू गार्डन फेस-1 स्थित कथा स्थल पर श्री मनःकामेश्वर मंदिर मठ द्वारा पुरुषोत्तम मास में आयोजित श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ रविवार को 501 कलशों की भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। गुलाबी वेशभूषा में सुसज्जित महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में भाग लिया। यात्रा से पूर्व सभी कलशों में श्री मनःकामेश्वर मंदिर परिसर स्थित प्राचीन कुएं का जल भरा गया। बाबा श्री मनकामेश्वर की पूजा-अर्चना के साथ शोभायात्रा प्रारंभ हुई। सर्वप्रथम बाबा श्री मनकामेश्वर मंदिर की परिक्रमा देते हुए कलश यात्रा कथा स्थल पहुंची।
आचार्य सुरेंद्र गौतम के सानिध्य में 11 ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश पूजन संपन्न कराया। इसके साथ ही श्री मनःकामेश्वर नाथ के स्वरूप की स्थापना कराई गई। श्री मनःकामेश्वर नाथ के स्वरूप की झांकी की जलहरी में श्रीमद्भागवत महापुराण कथा स्थल पर पहुंची, जहां विधिवत पूजन के बाद कलश स्थापना की गई।

200 गज के एसी पंडाल में दिव्य दर्शन
यमुना किनारा स्थित कथा स्थल पर लगभग 200 गज क्षेत्र में विशाल वातानुकूलित पंडाल तैयार किया गया है। कमल दल में विराजित 21 फीट ऊंचा श्रीनाथजी का विशाल स्वरूप प्रवेश द्वार से श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान कर रहा है। पंडाल में पहली बार आगरा में एक साथ द्वादश ज्योतिर्लिंग स्थापित किए गए हैं। मंच पर भगवान विष्णु के 24 अवतारों की भव्य मूर्तियां, यमुना महारानी और श्रीनाथ ji विराजमान हैं, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
20 फीट ऊंचे मंच से यमुना आरती
संध्याकाल कथा व्यास महंत योगेश पुरी ने 20 फीट ऊंचे मंच से यमुना नदी की आरती की। दीपों की रोशनी और भजन-कीर्तन के मध्य पूरा वातावरण आध्यात्मिक आभा से भर उठा।
18 मई से प्रतिदिन कथा और संस्कार शिविर
मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि 18 मई से प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से “हरि इच्छा” तक श्रीमद्भागवत कथा होगी। प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से बाल संस्कार शिविर लगेगा। पूरे दिन द्वादश ज्योतिर्लिंग दर्शन, रुद्राभिषेक एवं धार्मिक अनुष्ठान जारी रहेंगे और संध्या आरती के बाद प्रसादी होगी।

दैनिक यजमानों ने किया व्यास पूजन
दैनिक यजमान के रूप में अशोक जैन ओसवाल, विजय गुप्ता, मंजू गुप्ता, धन कुमार जैन, संतोष मित्तल, बबीता मित्तल, अश्विनी रावत, गोपाल बंसल, शालिनी बंसल, अंकित अग्रवाल, श्रुति अग्रवाल, सोनू गुप्ता, सीमा गुप्ता, चंद्रप्रकाश बंसल, रजनी बंसल, कमल गुप्ता, शशि गुप्ता, अनूप यादव, राजीव सूरी, सरिता सूरी, विनोद गुप्ता एवं सरोज गुप्ता ने व्यास पूजन किया।
हितार्थ परिवार ने संभाली स्वागत व्यवस्था
हितार्थ परिवार द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। कलश व्यवस्था की जिम्मेदारी दीप्ति गर्ग, कुमकुम, अनुभा, मंजू गुप्ता आदि ने संभाली।


